- सूचना निदेशक विशाल सिंह ने दी पोर्टल को गो-लाइव करने की सहमति, एक सप्ताह में पत्रकारों व उनके आश्रितों का विवरण अपलोड करने के निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय के सभागार में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत विकसित नवीन पोर्टल के संचालन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सूचना निदेशक ने पोर्टल को गो-लाइव करने की सहमति प्रदान की।
बैठक के दौरान स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल के संचालन की प्रक्रिया का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया। अधिकारियों ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए आवेदन, सत्यापन और कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया को लाइव डेमो के माध्यम से समझाया। इस प्रशिक्षण में सूचना निदेशालय मुख्यालय सहित प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
- एक सप्ताह में पूरा करना होगा विवरण अपलोड करने का कार्य
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को पत्रकारों के लिए सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक पात्र मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ शीघ्र मिल सके।
उन्होंने प्रदेश के सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराते हुए संबंधित विवरण एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। साथ ही, इसकी सूचना मुख्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगे की कार्रवाई तेजी से पूरी की जा सके।
सूचना निदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही न बरती जाए। पोर्टल के माध्यम से पात्र पत्रकारों और उनके परिवारों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
NAGARIK SATTA