लखनऊ। क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज लखनऊ में महिला एवं पुरुष वर्ग की अंतर-संकाय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन कॉलेज के वॉलीबॉल मैदान में किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. बैजू अब्राहम एवं सहायक आचार्य दीपेश उपाध्याय के नेतृत्व में हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य सत्यम सिंह ने किया।
पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में बीएससी और बीपीएड की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें बीपीएड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में बीकॉम और बीए की टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें बीए की टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।
महिला वर्ग के मुकाबले में बीकॉम और बीए की टीमों के बीच रोमांचक खेल देखने को मिला। इसमें बीए की टीम ने जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के अंत में कॉलेज की प्राचार्या ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। पुरुष वर्ग में बीए और बीपीएड की टीमों के बीच फाइनल मुकाबला 3 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिला।
NAGARIK SATTA
