Breaking News

33 किलो की माला फूलों की बौछार और केक के साथ मना सूचना निदेशक का जन्मदिन

  • विशाल सिंह ने जताया आभार, बोले पत्रकार और सूचना विभाग एक दूसरे के पूरक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सूचना विभाग को नई ऊर्जा, कार्यसंस्कृति और प्रभावी संवाद की दिशा देने वाले सूचना निदेशक एवं आईएएस अधिकारी विशाल सिंह का जन्मदिन मंगलवार को सूचना निदेशालय में हर्षाेल्लास और सम्मान के साथ मनाया गया। पूरा परिसर शुभकामनाओं, बधाइयों और आत्मीय अभिनंदन से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में सूचना विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस जिम्मेदारी को नई धार देने में सूचना निदेशक विशाल सिंह की सक्रियता, कार्य के प्रति समर्पण और प्रशासनिक नेतृत्व की विशेष चर्चा रही है। उनकी कार्यशैली में निर्णय क्षमता, सहज संवाद, अनुशासन और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण का समन्वय दिखाई देता है। यही वजह है कि उन्होंने विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ-साथ मीडिया जगत में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई है।

जन्मदिन के इस विशेष अवसर पर राज्य मुख्यालय मान्यताप्राप्त पत्रकार एसोसिएशन की ओर से विशाल सिंह का भव्य अभिनंदन किया गया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उन्हें 33 किलो की विशाल माला पहनाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद केक काटकर उत्सव मनाया गया। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने स्वयं केक काटा और उपस्थित पत्रकारों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर सभी का स्नेह स्वीकार किया। उन्होंने आत्मीयता के साथ सभी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सूचना निदेशक विशाल सिंह ने सभी पत्रकारों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, आप सभी ने जिस आत्मीयता, स्नेह और सम्मान के साथ मेरा जन्मदिन मनाया है, उसके लिए मैं हृदय से आभारी हूं। यह सम्मान मेरे लिए व्यक्तिगत खुशी के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी का भी एहसास कराता है। सूचना विभाग का मूल उद्देश्य शासन की नीतियों, योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की सही एवं तथ्यपरक जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। इसमें पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकार और सूचना विभाग एक-दूसरे के पूरक हैं। हमारा प्रयास है कि मीडिया के साथ बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और संवाद कायम रखते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को और प्रभावी बनाया जाए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भावना ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आप सभी का स्नेह और सहयोग इसी तरह मिलता रहे, यही कामना है।

जन्मदिन समारोह में वरिष्ठ पत्रकारों के साथ सहायक निदेशक जे.पी. सिंह, चंद्र मोहन, सतीश भारती, लेखाधिकारी संजय सिंह, परशुराम मौर्य, राजीव सिंह, चंद्र विजय वर्मा, कपिल सिंह, अशोक सिंह, संदीप ओझा, दीपक बाजपेई, अनिल सिंह, राहुल, मनोज यादव, अखिलेश मौर्य सहित सूचना विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में उमड़ा उत्साह और पत्रकारों एवं विभागीय कर्मियों की बड़ी भागीदारी इस बात का प्रमाण रही कि विशाल सिंह ने अपने व्यवहार, कार्यशैली और सक्रिय प्रशासनिक नेतृत्व से लोगों के बीच आत्मीय संबंध स्थापित किए हैं। जन्मदिन का यह आयोजन महज एक औपचारिक उत्सव नहीं, बल्कि प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय, आपसी विश्वास और सकारात्मक संवाद का भी प्रतीक बनकर सामने आया।

About Nagarik Satta

Check Also

यूपी में AI से बदलेगा बसों के संचालन का तरीका

30 करोड़ की परियोजना पर UPSRTC ने मांगी निविदा लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन …

एके शर्मा का कांग्रेस पर हमला, आपातकाल और 1984 हिंसा का किया जिक्र

गोरखपुर। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गोरखपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *