गोरखपुर। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गोरखपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हाथ भारतीय लोकतंत्र और संविधान की हत्या के खून से रंगे हैं। आज लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की बात करने वाले विपक्षी दलों को पहले अपने राजनीतिक इतिहास का आकलन करना चाहिए। मंत्री ए.के. शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और उनके सहयोगी दल विदेशी इशारों, समर्थन और फंडिंग के जरिए देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, देश की जागरूक जनता और भाजपा कार्यकर्ता ऐसी कोशिशों को सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने जनसभा में उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ को भाजपा के प्रति जनता के विश्वास का प्रमाण बताया।
- आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
ए.के. शर्मा ने वर्ष 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का चुनाव निरस्त किए जाने के बाद लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान करने के बजाय देश पर आपातकाल थोप दिया गया। इस दौरान हजारों लोगों को जेलों में बंद किया गया, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए और लोकतांत्रिक आवाजों को दबाया गया। उन्होंने कहा कि उस समय कांग्रेस को न संविधान की चिंता थी और न लोकतंत्र की।
- 1984 और कश्मीरी पंडितों के विस्थापन का उठाया मुद्दा
मंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में न्यायपालिका की स्वतंत्रता और संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादा से जुड़े गंभीर सवाल उठे। वर्ष 1984 में सिखों के खिलाफ हुई हिंसा और कश्मीरी पंडितों के विस्थापन के समय भी विपक्षी दलों की संवैधानिक प्रतिबद्धता दिखाई नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि आज यही दल राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार लोकतंत्र और संविधान का मुद्दा उठाते हैं।
- मोदी सरकार की नीतियों का किया समर्थन
ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान चलाए जाने पर भी विपक्ष लोकतंत्र खतरे में होने का आरोप लगाता है। यह विपक्ष की दोहरी राजनीति और अवसरवाद को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश आज विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। जनता का विश्वास और भाजपा कार्यकर्ताओं का संकल्प अराजकता फैलाने वाली राजनीति का जवाब है। अंत में मंत्री ने पदयात्रा और जनसभा में मिले जनसमर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रतिबद्ध है।
NAGARIK SATTA