कोपागंज, मऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को बापू इंटर कॉलेज, कोपागंज में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सहभागिता कर 302 नवविवाहित जोड़ों को सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीबों, पिछड़ों, वंचितों एवं जरूरतमंद परिवारों के उत्थान के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मान, गरिमा और सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ संपन्न कराने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
- सामाजिक समरसता की मिसाल बना आयोजन
समारोह में चार मुस्लिम जोड़ों का भी विवाह संपन्न हुआ। मंत्री ए.के. शर्मा ने इसे गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का सुंदर उदाहरण बताते हुए कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए श्री शर्मा ने कहा कि वैवाहिक जीवन प्रेम, विश्वास, सम्मान और सहयोग की मजबूत नींव पर आगे बढ़ता है। उन्होंने सभी नवदंपतियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया, जिला अध्यक्ष रामाश्रय मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
NAGARIK SATTA
