Breaking News

एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सीएमएस विज्ञान मेले का किया उद्घाटन, बाल वैज्ञानिकों का बढ़ाया उत्साह

  • पूर्व छात्र के रूप में विद्यालय पहुंचे थे वायुसेना प्रमुख
  • अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने भी विद्यार्थियों को सपने साकार करने के लिए किया प्रेरित

लखनऊ। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित सोमवार को अपने पूर्व विद्यालय सिटी मोन्टेसरी स्कूल (सी.एम.एस.) के गोल्फसिटी कैम्पस में आयोजित विज्ञान मेला-2026 का उद्घाटन करने पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का महत्व समझाते हुए बाल वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में अंतरिक्ष यात्री एवं अशोक चक्र से सम्मानित सी.एम.एस. के पूर्व छात्र ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने कहा कि अपने पुराने विद्यालय में लौटना हमेशा एक विशेष अनुभव होता है। सी.एम.एस. ने उन्हें न केवल मजबूत शैक्षणिक आधार प्रदान किया, बल्कि सेवा भावना और मानवीय मूल्यों की भी शिक्षा दी। उन्होंने अपने शिक्षकों ‘जगदीश सर’ और ‘भारती मैम’ को याद करते हुए कहा कि उन्होंने निःस्वार्थ सेवा तथा अपनी क्षमताओं को स्वयं से बड़े उद्देश्य के लिए समर्पित करने की प्रेरणा दी। संभवतः इन्हीं जीवन मूल्यों ने उन्हें वर्दीधारी जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।

एयर चीफ मार्शल ने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश देते हुए कहा कि वर्ष 2047 में भारत की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक आज की युवा पीढ़ी देश के भविष्य को आकार देगी। इसके लिए विद्यार्थियों को जिज्ञासु बने रहने, प्रतिदिन अनुशासन का पालन करने और तकनीक को मानवीय मूल्यों से जोड़कर आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

  • सपने देखें और देश के लिए कुछ नया करें : शुभांशु शुक्ला

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि, अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने विद्यार्थियों के साथ अपनी जीवन यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा लखनऊ से शुरू हुई। माता-पिता से मिले संस्कारों और सी.एम.एस. में बिताए गए शुरुआती वर्षों ने उनके व्यक्तित्व के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे बड़े सपने देखें, अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखें और आगे बढ़कर देश के लिए कुछ नया करने का संकल्प लें।

सी.एम.एस. की मैनेजिंग डायरेक्टर प्रो. गीता गांधी किंगडन ने कहा कि विज्ञान मेला विद्यालय के संस्थापकों की दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। उनका उद्देश्य था कि विद्यार्थी विज्ञान की उपलब्धियों को देखकर केवल आश्चर्यचकित न हों, बल्कि मानवता के कल्याण के लिए वैज्ञानिक प्रगति में सक्रिय योगदान भी दें।

इस अवसर पर सी.एम.एस. की संस्थापिका-निदेशिका डॉ. भारती गांधी ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में सी.एम.एस. प्रेसीडेंट डॉ. रोजर डेविड किंगडन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं विद्यालय के पूर्व छात्र उपस्थित रहे। इनमें प्रांजल यादव, आई.ए.एस.; सुबूर उस्मानी, आई.आर.एस.; कर्नल प्रशान्त कुमार सिंह; पावस यादव, आई.आर.एस.ई.; राजन शुक्ला, आई.ए.एस.; तथा इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर डॉ. नदीम अख्तर सिद्दीकी प्रमुख रहे।

  • रोबोटिक्स, ड्रोन और ए.आई. के मॉडलों ने खींचा ध्यान

विज्ञान मेले में विद्यार्थियों को विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान और आधुनिक तकनीक की विविध उपलब्धियों से रूबरू होने का अवसर मिला। उन्होंने मोबाइल प्लेनेटेरियम, इसरो-इस्ट्रैक की विशाल चन्द्रमा प्रतिकृति, अर्थाइजन के ‘अंतरिक्ष रथ’, इन्फोसिस की मोबाइल एक्सपीरियंस बस तथा भारतीय नौसेना के युद्धपोतों के मॉडलों का अवलोकन किया।

विद्यार्थियों ने भी अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रोबोटिक्स मॉडल, ह्यूमनॉइड रोबोट, ड्रोन तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) एवं स्टीम आधारित प्रयोग प्रस्तुत किए। उन्होंने इन मॉडलों की कार्यप्रणाली समझाकर विज्ञान और तकनीक के व्यावहारिक उपयोगों को प्रदर्शित किया।

विज्ञान मेले ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका पहचानने की प्रेरणा दी।

About Nagarik Satta

Check Also

भारत-ईयू संबंधों को मिलेगी गतिः नीदरलैंड, बुल्गारिया के समकक्षों से मिले जयशंकर

नई दिल्ली। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में नीदरलैंड के विदेश मंत्री …

आयुष्मान अस्पतालों के आईसीयू की होगी जांच, योगी सरकार ने लिया निर्णय

साचीज ने निजी अस्पतालों के लिए जारी की विशेष चेकलिस्ट, 30 नवंबर तक ऑडिट एजेंसियों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *