-
संविधान के मूल्यों, आदर्शों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का किया आह्वान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने संविधान दिवस के अवसर पर गुरूवार को विधान भवन स्थित पुरुषोत्तम दास टंडन हॉल में विधान सभा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया। इसके उपरांत उन्होंने विधान सभा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संविधान के मूल्यों, आदर्शों, लोकतांत्रिक मर्यादाओं तथा नागरिक एवं संस्थागत कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
सतीश महाना ने अपने संबोधन में कहा कि विधायिका लोकतांत्रिक व्यवस्था का अत्यंत महत्वपूर्ण स्तंभ है और विधान सभा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका भी इस व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। विधायिका जनभावनाओं, जनआकांक्षाओं और जनहित से जुड़े विषयों पर विचार विमर्श कर कानून बनाती है। ऐसे में विधान सभा से जुड़े प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का दायित्व है कि वह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, दक्षता और संवेदनशीलता के साथ करें।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाएं लोकतंत्र की मजबूती और स्थायित्व का आधार हैं। संस्थाओं की गरिमा, मर्यादा और विश्वसनीयता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनता के प्रति जवाबदेही जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है वहीं विधायिका द्वारा लिए गए निर्णयों एवं बनाए गए कानूनों को प्रभावी रूप से लागू करने में कार्यपालिका की भूमिका अहम होती है। विधायिका और कार्यपालिका अपने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाती हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को स्मरण करते हुए कहा कि संविधान हमें अनेक अधिकार प्रदान करता है, लेकिन अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है। संविधान की भावना को समझना, उसका सम्मान करना और अपने आचरण में संवैधानिक मूल्यों को अपनाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि हम सभी एक स्वतंत्र लोकतांत्रिक देश के नागरिक हैं और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता हमारा महत्वपूर्ण अधिकार है, लेकिन इस स्वतंत्रता का प्रयोग जिम्मेदारी, संयम और सामाजिक मर्यादाओं के साथ किया जाना चाहिए। स्वतंत्रता के अधिकार का उपयोग ऐसा हो, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूती मिले। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप कुमार दुबे समेत विधान सभा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
NAGARIK SATTA

![Screenshot_20260430_222526_Instagram[1]](https://nagariksatta.com/wp-content/uploads/2025/05/Screenshot_20260430_222526_Instagram1-800x600_c.jpg)