- 2,900 करोड़ रूपये से अधिक के निवेश से लगेगी बॉल कॉर्पाेरेशन की विश्वस्तरीय एल्युमिनियम बेवरेज कैन इकाई, मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्रांति और वैश्विक निवेशकों के बढ़ते भरोसे की कड़ी में बुधवार को एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर में वैश्विक दिग्गज बॉल कॉर्पाेरेशन की नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का शिलान्यास किया।
2,900 करोड़ रूपये से अधिक के भारी-भरकम निवेश से स्थापित होने जा रही एल्युमिनियम बेवरेज कैन की इस विश्वस्तरीय इकाई के भूमिपूजन अवसर पर मुख्यमंत्री ने बॉल कॉर्पाेरेशन की पूरी टीम का हृदय से आभार जताते हुए कहा कि यह प्लांट आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश और विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने प्रदेश में आ रहे निवेश की निरंतरता का उल्लेख करते हुए कहा कि अभी कुछ ही दिन पहले सीएनएच इंडस्ट्रियल के 1,200 करोड़ रूपये से अधिक के नए प्लांट का भूमिपूजन हुआ, दो दिन पूर्व ताइवान की क्रिएटिव सेंसर के साथ 1,100 करोड़ रूपये से अधिक के निवेश पर सार्थक संवाद हुआ और आज मेरठ में बॉल कॉर्पाेरेशन का शिलान्यास हो रहा है, जो उत्तर प्रदेश के प्रति बढ़ते वैश्विक विश्वास का जीवंत प्रमाण है।
बॉल कॉर्पाेरेशन द्वारा मेरठ के चयन को अत्यंत दूरदर्शी निर्णय बताते हुए उन्होंने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-एनसीआर व 25,000 हेक्टेयर के यीडा क्षेत्र, जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की निकटता तथा ईस्टर्न व वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की पहुंच मेरठ को तेज, निर्बाध और वर्ल्ड-क्लास मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी प्रदान करते हुए उद्योग, निवेश और लॉजिस्टिक्स के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि आज भारत में सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस, एनर्जी ड्रिंक्स और रेडी-टू-ड्रिंक बेवरेज का बाजार तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए मेरठ की यह लोकेशन बॉल कॉर्पाेरेशन को अपने ग्राहकों और फिलिंग सुविधाओं के निकट रहकर पूरे भारत व वैश्विक बाजार में अपने बिजनेस को तेजी से विस्तार देने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी। इसके साथ ही यीडा क्षेत्र में सिंगापुर, जापान और ताइवान सिटी के माध्यम से वैश्विक कंपनियों, उनकी आधुनिक तकनीक और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं को प्रदेश में आमंत्रित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने बॉल कॉर्पाेरेशन से आग्रह किया कि वे स्थानीय एमएसएमई से सोर्सिंग बढ़ाएं, हमारे इंडस्ट्री-रेडी वर्कफोर्स के लिए स्किल डेवलपमेंट में सहयोग करें और अधिकृत रीसाइक्लिंग पार्टनर्स के साथ सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग को नई ऊंचाई दें। उन्होंने कंपनी को आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश सरकार उनके पूरे प्रोजेक्ट लाइफ साइकिल में एक विश्वसनीय पार्टनर की तरह साथ खड़ी रहेगी।
इस अवसर पर बॉल कॉर्पाेरेशन के सीएफओ (ईएमईए) फिल हॉकेन, डायरेक्टर अजीत शर्मा सहित शासन स्तर के अनेक वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।
NAGARIK SATTA
