लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “डिजिटल इंडिया” और “स्टार्टअप इंडिया” के दूरदर्शी विजन तथा उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के सतत मार्गदर्शन में देश में तकनीकी नवाचार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। इसी क्रम में राजधानी दिल्ली में भव्य इंडिया AI इम्पैक्ट समिट का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश की अग्रणी तकनीकी कंपनियां, स्टार्टअप्स, शिक्षण संस्थान और नीति-निर्माता भाग ले रहे हैं।
समिट का उद्देश्य AI आधारित समाधानों को उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, साइबर सुरक्षा और सुशासन के क्षेत्र में प्रभावी रूप से लागू करने पर व्यापक विचार-विमर्श करना है,आयोजन स्थल पर नवाचार और तकनीकी संभावनाओं की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
इसी कड़ी में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) द्वारा हॉल संख्या 6 में विशेष स्टॉल स्थापित किया गया है, जो प्रतिभागियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। विश्वविद्यालय के इनोवेशन हब से सहायता प्राप्त AI आधारित स्टार्टअप्स ने अपने अभिनव उत्पादों और तकनीकी मॉडलों का प्रदर्शन किया। इन स्टार्टअप्स ने हेल्थकेयर एनालिटिक्स, स्मार्ट एग्रीकल्चर, ई-गवर्नेंस सॉल्यूशंस, एडटेक प्लेटफॉर्म, साइबर सुरक्षा और स्मार्ट सिटी मॉडल जैसे क्षेत्रों में विकसित तकनीकों को प्रस्तुत किया, जिन्हें विशेषज्ञों द्वारा सराहा गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. पांडेय ने स्टार्टअप प्रतिनिधियों एवं विश्वविद्यालय अधिकारियों के साथ मिलकर हॉल 6 में स्थापित इनोवैशन हब AKTU के स्टॉल का गहन निरीक्षण किया तथा प्रत्येक AI आधारित स्टार्टअप से संवाद कर उनके उत्पादों की उपयोगिता, तकनीकी संरचना और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। इस विज़िट में कुलपति के साथ वित्त अधिकारी, श्री केशव सिंह, डीन इनोवेशन प्रो बी एन मिश्र, असोशीएट डीन इनोवेशन डा अनुज कुमार शर्मा एवं विभिन्न राजकीय एवं शासकीय संस्थानों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।प्रो. पांडेय ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता भविष्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार बनने जा रही है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्रों और शोधार्थियों को ऐसा सशक्त मंच प्रदान करना है, जहां वे अपने नवाचारों को वैश्विक स्तर पर स्थापित कर सकें। उन्होंने कहा कि AKTU नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
समिट के दौरान इनोवैशन हब AKTU के स्टॉल पर नेहा जैन, स्पेशल सेक्रेटरी, UPDESCO एवं रवि रंजन MD, UP IT एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार ने भी स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने स्टार्टअप्स द्वारा प्रस्तुत AI आधारित तकनीकों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य को आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स हब के रूप में विकसित करने के लिए सतत प्रयास कर रही है।
NAGARIK SATTA