Breaking News

विवेकानन्द कॉलेज व स्कूल ऑफ नर्सिंग में दीप प्रज्ज्वलन समारोह आयोजित

लखनऊ। विवेकानन्द कॉलेज व स्कूल ऑफ नर्सिंग में बी.एस.सी. (नर्सिंग) के 21वें सत्र एवं जी.एन.एम. के 35वें सत्र की प्रथम वर्ष की छात्राओं का दीप प्रज्ज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। पश्चिमी प्रांगण में आयोजित इस समारोह में शहर के गणमान्य अतिथि, विभिन्न नर्सिंग संस्थानों की प्रधानाचार्याएं, छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में छात्राओं ने श्री रामकृष्ण, माँ सारदा देवी, स्वामी विवेकानन्द एवं फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर वैदिक मंत्रों के साथ शपथ ग्रहण किया।

दीप प्रज्ज्वलन समारोह, जो फ्लोरेंस नाइटिंगेल को श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजित किया जाता है, नर्सिंग जीवन का महत्वपूर्ण और पावन क्षण माना जाता है। इस अवसर पर नवप्रवेशी छात्राएं पहली बार अपनी वर्दी में सुसज्जित होकर नर्सिंग पेशे में औपचारिक प्रवेश करती हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामकृष्ण मिशन आश्रम, कानपुर के सचिव एवं रामकृष्ण मठ, बेलूड़ मठ के ट्रस्टी स्वामी आत्मश्रद्धानन्द जी महाराज रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नर्सिंग सेवा किसी भी अस्पताल की रीढ़ होती है। उन्होंने प्रशिक्षित नर्सों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इस पेशे में त्याग, समर्पण, समझदारी और निस्वार्थ सेवा की भावना अनिवार्य है। उन्होंने छात्राओं के इस सम्मानजनक सेवा क्षेत्र को स्वेच्छा से चुनने की सराहना की।

विशिष्ट अतिथि के रूप में कमांड हॉस्पिटल (सेंट्रल कमांड), लखनऊ के कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल कर्नल जीना वी. उपस्थित रहीं। उन्होंने संस्थान के उत्कृष्ट परिणामों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां से उत्तीर्ण छात्राएं सौभाग्यशाली हैं और संस्थान सदैव विद्यार्थियों की पहली पसंद रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संस्थान के सचिव स्वामी मुक्तिनाथानन्द जी महाराज ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि इस वर्ष 50 बी.एस.सी. (नर्सिंग) एवं 60 जी.एन.एम. प्रथम वर्ष की छात्राएं सेवा और त्याग का संकल्प ले रही हैं। उन्होंने कहा कि नर्सिंग पेशा केवल व्यावसायिक अवसर नहीं, बल्कि पीड़ित मानवता की सेवा का सौभाग्य है।

कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. एन. वेंकटलक्ष्मी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए छात्राओं की शैक्षणिक एवं क्लीनिकल उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दीप प्रज्ज्वलन समारोह नवागंतुक छात्राओं को प्रेरणा देगा तथा उनकी शपथ में फ्लोरेंस नाइटिंगेल के आदर्शों की झलक दिखाई देगी।

इस अवसर पर मेधावी छात्राओं को मेडल, पुस्तकें, नगद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में नर्सिंग छात्राओं के सामूहिक गान ने उपस्थित अतिथियों के मन को भावविभोर कर दिया। समारोह का समापन उप-प्रधानाचार्य मेरिडिथ द्वारा सह-धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

About Nagarik Satta

Check Also

यूपी में AI से बदलेगा बसों के संचालन का तरीका

30 करोड़ की परियोजना पर UPSRTC ने मांगी निविदा लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन …

एके शर्मा का कांग्रेस पर हमला, आपातकाल और 1984 हिंसा का किया जिक्र

गोरखपुर। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गोरखपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *