Breaking News

खेल प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाया दमखम, कला संकाय ने मारी बाजी

लखनऊ। लखनऊ क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज के प्रांगण में आयोजित चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत कला एवं विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं के बीच रोमांचक क्रिकेट मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बैजू अब्राहम द्वारा किया गया। इस अवसर पर हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. ऋषि कुमार मिश्रा, राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. कौशिक मित्रा, अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. नोमिता गवन, गणित विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक जोज़फ सहित अन्य संकायों के आचार्यगण उपस्थित रहे। प्राचार्य ने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

  • बालिका वर्ग में बी.ए. कला संकाय विजेता

बालिका वर्ग में बी.एस.सी (मैथ्स) की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 44 रन बनाए। टीम की ओर से सौम्या और सोनम ने 6-6 रन का योगदान दिया। बी.ए. की ओर से अर्शी, खुशी और हर्षिता ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बी.ए. (कला संकाय) की टीम ने 10 ओवर में 2 विकेट खोकर 45 रन बनाते हुए 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। सुजान ने 14 गेंदों पर नाबाद 20 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। इस प्रकार बालिका वर्ग में बी.ए. कला संकाय की टीम विजेता रही।

  • बालक वर्ग में भी कला संकाय का दबदबा

बालक वर्ग में बी.ए. (कला संकाय) और बी.एस.सी (बायो) के बीच मुकाबला हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बी.ए. टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट पर 161 रन बनाए। कुनैना हैदर खान ने तूफानी पारी खेलते हुए 28 गेंदों पर 68 रन (6 छक्के, 6 चौके) बनाए, जबकि हर्षवर्धन ने 36 रन का योगदान दिया। बी.एस.सी की ओर से अक्षत, युवराज और शैलेंद्र ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बी.एस.सी (बायो) की टीम 15 ओवर में 78 रन पर सिमट गई। ज्वरीफ ने 24 गेंदों पर 41 रन और अर्पित ने 18 रन बनाए। बी.ए. की ओर से शाश्वत ने 3 विकेट, ऋषि और शिवांग ने 2-2 विकेट लेकर टीम को 10 विकेट से जीत दिलाई। इस प्रकार बालक वर्ग में भी बी.ए. कला संकाय की टीम विजेता रही।

  • समापन अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. बैजू अब्राहम ने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विशेष रूप से पहली बार भाग लेने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से कराने की बात कही। खेल प्रतियोगिता ने महाविद्यालय परिसर में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का वातावरण सृजित कर दिया तथा विद्यार्थियों ने खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

About Nagarik Satta

Check Also

स्वरलहरी म्यूजिकल ग्रुप की संगीतमय शाम में गूंजे सदाबहार फिल्मी गीत, कलाकारों ने बांधा समां

लखनऊ। स्वरलहरी म्यूजिकल ग्रुप की ओर से आयोजित सदाबहार हिंदी फिल्मी गीतों की संगीतमय शाम …

यूपी के 2.24 करोड़ से किसानों के खाते में आई 4482.19 करोड़ रुपये की ‘सम्मान निधि’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को गुजरात के बनासकांठा से जारी की प्रधानमंत्री किसान सम्मान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *