- कानपुर रोटरी क्लब के सदस्यों ने किया विधानसभा का भ्रमण
लखनऊ। कानपुर से आए रोटरी क्लब ऑफ कानपुर के अध्यक्ष गौरव अग्रवाल जैन के नेतृत्व में 25 सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज विधानसभा का भ्रमण किया तथा विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा की कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रियाओं एवं जनहित से जुड़े विषयों के संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें सदन की परंपराओं, नियमों एवं कार्य संचालन की प्रक्रियाओं से अवगत कराया। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधानसभा की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि यह जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने का सर्वोच्च मंच है। साथ ही उन्होंने सामाजिक संगठनों एवं युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
वार्ता के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि यहां आने से पहले उनकी धारणा कुछ भिन्न थी, किंतु भ्रमण के उपरांत विधानसभा के प्रति उनकी सोच सकारात्मक रूप से परिवर्तित हुई। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि वे यहां से लौटने के बाद आमजन के बीच विधानसभा की कार्यप्रणाली और महत्व की जानकारी साझा करें, ताकि समाज में व्याप्त भ्रांतियां दूर हो सकें।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने इस भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस अनुभव से उन्हें शासन व्यवस्था और निर्णय प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला, जिससे वे समाज में जागरूकता फैलाने में और अधिक सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा भविष्य में भी ऐसे उपयोगी एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।
NAGARIK SATTA
