गोरखपुर। पूर्वांचल में वैदिक शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए महर्षि सावर्ण्य वेद विद्यापीठ के स्थायी भवन हेतु विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। यह वेद विद्यालय महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान, चिंतामण जवासिया, उज्जैन (मध्य प्रदेश) द्वारा संचालित है और क्षेत्र का पहला ऐसा संस्थान है जहाँ चारों वेदों की शिक्षा दी जाती है।
खजनी तहसील क्षेत्र के साख डांड़ पांडेय में सोमवार प्रातः वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूरे परिसर में आध्यात्मिक और देवमय वातावरण बना रहा। विद्यालय के प्रबंधक पंडित अजय पांडेय ने सपत्नीक पूजन कर भवन की आधारशिला रखी।
उल्लेखनीय है कि विगत नौ वर्षों से यह वेद विद्यालय सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। यहां से उत्तीर्ण छात्र आगे की उच्च शिक्षा के लिए लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में वास्तुशास्त्र एवं ज्योतिष जैसे विषयों का अध्ययन कर रहे हैं, जो संस्थान के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के अध्यक्ष पंडित विजय पांडेय, सचिव पंडित अजय पांडेय, कोषाध्यक्ष रिंकू पांडेय सहित कार्यकारिणी सदस्य राघवेंद्र कुमार पांडेय, आमोद मद्धेशिया, जितेंद्र तिवारी (पूर्व चेयरमैन, इफको ऑल इंडिया ऑफिसर यूनियन), कुसुम तिवारी, यम पी शर्मा, गीता शर्मा तथा क्षेत्र के अनेक विद्वान, शिक्षक, गणमान्य नागरिक एवं छात्र उपस्थित रहे।
NAGARIK SATTA