लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण अवसर पर इसे उत्तर प्रदेश के विकास की नई “लाइफ लाइन” बताया। उन्होंने कहा कि मां गंगा के नाम पर बने इस एक्सप्रेसवे में विकास का विजन और भारत की सांस्कृतिक विरासत, दोनों के दर्शन होते हैं। प्रधानमंत्री ने क्षेत्र की पवित्रता का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ ही घंटों में संगम और काशी पहुंच पाना अब आसान होगा। प्रधानमंत्री ने हाल के दिनों में मां गंगा के सानिध्य में रहे अपने प्रवासों का उल्लेख किया और कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन उनके लिए विशेष अवसर है। उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार की कार्यशैली का उदाहरण बताते हुए कहा कि अब शिलान्यास के साथ तय समय में लोकार्पण भी हो रहा है।
सम्बोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने लोकतंत्र के उत्सव का उल्लेख करते हुए पश्चिम बंगाल में चल रहे मतदान की सराहना की। साथ ही बिहार और गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत का जिक्र करते हुए आगामी चुनावों में भी ऐतिहासिक जीत का विश्वास जताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि करीब 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे पश्चिमी, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों को जोड़ेगा, जिससे किसानों, व्यापारियों और युवाओं को सीधे लाभ मिलेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से कृषि उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचेंगे, कोल्ड स्टोरेज और लॉजिस्टिक्स जैसी सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा तथा किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं, जहां फार्मा, टेक्सटाइल समेत विभिन्न सेक्टरों के क्लस्टर बनेंगे। इससे हरदोई, शाहजहांपुर, उन्नाव सहित 12 जनपदों में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मेरठ की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री, संभल का उद्योग, बुलंदशहर का सिरेमिक, हरदोई का हैंडलूम, उन्नाव का लेदर और प्रतापगढ़ के आंवला उत्पादों को बड़े बाजार मिलेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब “बीमारू” की छवि से निकलकर 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने निवेश, मोबाइल निर्माण, सेमीकंडक्टर और डिफेंस कॉरिडोर में यूपी की भूमिका का उल्लेख किया और कहा कि राज्य औद्योगिक विकास के साथ सामरिक ताकत भी बन रहा है। कानून व्यवस्था में सुधार और इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक एक्सप्रेसवे वाला राज्य है और यहां 21 एयरपोर्ट संचालित हैं, जिनमें 5 अंतरराष्ट्रीय हैं। उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की निकटता का भी उल्लेख किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा और महिलाओं के आरक्षण से जुड़े विधेयक के संदर्भ में उनके रुख की आलोचना की। उन्होंने लोगों से विकास के एजेंडे के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। अंत में प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि गंगा एक्सप्रेसवे से खुलने वाली संभावनाओं को उत्तर प्रदेश के लोग अपनी मेहनत और प्रतिभा से साकार करेंगे।
NAGARIK SATTA
