लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. पाण्डेय की अध्यक्षता में 55वीं कार्य परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय के सहयुक्त संस्थान राजकीय इंजियरिंग कॉलेज, मिर्जापुर; बस्ती; गोंडा एवं प्रतापगढ़ के शैक्षणिक पदों (सह-आचार्य एवं आचार्य) पर हुई भर्ती प्रक्रिया में चयनित अभ्यर्थियों के नामों को अनुमोदन प्रदान किया गया।
इसके साथ ही विश्वविद्यालय तथा इसके घटक संस्थान आईईटी, लखनऊ; सीएएस, लखनऊ; एफओएपी, लखनऊ एवं यूपीआईडी, नोएडा के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों पर चयन और प्रोन्नति संबंधी चयन समिति की संस्तुतियों को भी स्वीकृति दी गई। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, मिर्जापुर; बस्ती; गोंडा एवं प्रतापगढ़ में ऑडिटोरियम निर्माण हेतु निर्माण एजेंसी के चयन को हरी झंडी दी गई।
बैठक में कानपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कानपुर तथा एक्यूरेट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, ग्रेटर नोएडा सहित अन्य संस्थानों को शैक्षिक स्वायत्तता प्रदान करने के प्रकरण पर विचार करते हुए अग्रिम कार्यवाही के लिए संस्तुति की गई। कार्य परिषद द्वारा विद्या परिषद, वित्त समिति, कैब और पीएमयू के कार्यवृत्त को भी अनुमोदन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर डॉ. एम.के. सुंदरम (प्रमुख सचिव, प्राविधिक शिक्षा), प्रो. एस.के. काक (पूर्व कुलपति, एमटीयू), प्रो. योगेश सिंह (कुलपति, दिल्ली विश्वविद्यालय), प्रो. निश्चल वर्मा (आईआईटी, कानपुर), प्रो. बरजीव त्यागी (आईआईटी, रुड़की), कुलसचिव केशव सिंह एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
NAGARIK SATTA