Breaking News

वर्तमान पीढ़ी को अतीत व बदलाव से अवगत कराएं प्रबुद्धजन: मुख्यमंत्री

  • प्रबुद्ध संवाद कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को जागरूक करने के लिए किया आह्वाहन

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज के प्रबुद्धजन का आह्वान किया कि वे वर्तमान पीढ़ी को देश-प्रदेश के अतीत और आज दिख रहे बदलाव से अवगत कराएं। नौजवानों को बताना होगा कि नौ-दस साल पहले प्रदेश में क्या हालात थे और आज क्या परिवर्तन आया है। प्रदेश को अव्यवस्था, अराजकता, दंगे-कर्फ्यू में झोंकने वालों के हाथों नौजवानों को गुमराह होने से बचाने के लिए ऐसा करना बहुत आवश्यक है। जागरूकता की यह जिम्मेदारी उठाने के लिए प्रबुद्धजन को आगे आना होगा।

सीएम योगी शुक्रवार को राप्तीनगर में आयोजित ‘प्रबुद्ध संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। महानगर भाजपा के राप्तीनगर मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा वंदे मातरम के सामूहिक गायन के बाद अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि हम आज के युवा को पहले की स्थितियों से अवगत नहीं कराएंगे तो वह नहीं जान पाएगा कि तुष्टिकरण का खामियाजा क्या होता है। यह प्रदेश 9-10 वर्ष पहले गुंडागर्दी, अराजकता, अव्यवस्था, कर्फ्यू, क्षेत्रीय दलों द्वारा शोषण का खामियाजा भुगत चुका है। युवाओं को आगाह कर उनके सामने ऐसी स्थिति पैदा नहीं होने देनी है। क्षणिक स्वार्थवश नागरिकों के भविष्य से खिलवाड़ देशद्रोह है और यह छूट किसी संगठन या संस्था को नहीं दी जा सकती।

  • यूपी में विकास, सुरक्षा और रोजगार की गारंटी

सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में विकास, सुरक्षा और रोजगार की गारंटी है। बेटी, व्यापारी सभी सुरक्षित हैं। इंसेफेलाइटिस पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। गोरखपुर का बंद पड़ा खाद कारखाना फिर चल रहा है। गोरखपुर में एम्स संचालित है और कभी खुद बीमार रहा बीआरडी मेडिकल कॉलेज आज बेहतरीन सुविधाएं दे रहा है। हर तरफ फोरलेन की कनेक्टिविटी है। पिछले नौ वर्ष में अकेले गोरखपुर में 15 हजार करोड रुपये के प्रोजेक्ट आए हैं और इतने ही लगने वाले हैं। इन परियोजनाओं से पूर्वी उत्तर प्रदेश के 50 हजार नौजवानों को अकेले गोरखपुर में नौकरी और रोजगार मिला है।

  • पीएम मोदी के नेतृत्व में बदलता भारत दुनिया के लिए प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रबुद्धजन नौजवानों को बताएं कि नरेंद्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने से पहले देश में क्या था और आज क्या बदलाव आया है। बदलता भारत आज दुनिया के लिए प्रेरणा बना है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान दुनिया में सबसे बेहतरीन प्रबंधन पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का रहा। दुनिया के सबसे विकसित देश अमेरिका में भारत की तुलना में कोरोना से चार गुना मौतें हुईं, जबकि उसकी आबादी भारत की चौथाई है। अमेरिका की तुलना में कम संसाधन के बावजूद हमारा कोरोना प्रबंधन इसलिए बेहतरीन रहा कि हमारे पीएम मोदी खुद फ्रंटफुट पर आकर नेतृत्व कर रहे थे।

  • वर्तमान चुनौती के लिए पीएम मोदी के आह्वान का अनुसरण करें

सीएम योगी ने कहा कि अच्छे कार्य के बावजूद कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते हर तरफ ईंधन की आपूर्ति बाधित है। अमेरिका जैसे देश में डीजल, पेट्रोल व रसोई गैस के दाम चार गुना बढ़े हैं। यूरोप के देशों की हालत खराब है। पाकिस्तान जैसे-तैसे गुजर कर रहा है। अरब देश परेशान हैं, अंधकार में रहने के लिए मजबूर हैं। दुनिया में अव्यवस्था का वातावरण है। 12 फरवरी से यह स्थिति बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखकर पीएम मोदी ने जनता से ईंधन बचत करने, सोना न खरीदने और विदेश भ्रमण से बचने का आह्वान किया है। मोदी जी के इस आह्वान से प्रेरणा प्राप्त कर ईंधन संरक्षण के लिए सोलर एनर्जी, सार्वजनिक व इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग और कार पूलिंग जैसे उपायों पर अमल करने की जरूरत है। हम सबको वर्तमान चुनौती के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा। सम व विषम परिस्थितियों में समभाव के साथ कार्य करने का सामर्थ्य हर भारतीय को विकसित करना पड़ेगा।

  • पीएम मोदी व सीएम योगी के लिए राष्ट्र सर्वाेपरि: रविकिशन

कार्यक्रम में सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए राष्ट्र सर्वाेपरि है। पश्चिम एशिया के तनाव के बीच ईंधन संरक्षण और विदेशी मुद्रा बचत को लेकर सीएम योगी द्वारा अपने काफिले को छोटा किए जाने पर सांसद ने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से अत्यंत संवेदनशील होने के बावजूद मुख्यमंत्री ने राष्ट्रहित में यह बड़ा फैसला लिया है। नरेंद्र मोदी जैसा पीएम और योगी आदित्यनाथ जैसा सीएम मिलना, देश और प्रदेश का सौभाग्य है।

  • विकास, सुरक्षा व सुशासन का मॉडल दिया सीएम योगी ने: डॉ धर्मेंद्र

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष, एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की विरासत भी संवर रही है और विकास का पहिया भी तेजी से घूम रहा है। उन्होंने विकास, सुरक्षा और सुशासन का नया मॉडल दिया है। सीएम योगी के नेतृत्व में गोरखपुर और उत्तर प्रदेश में हुआ बदलाव किसी चमत्कार से कम नहीं है।

स्वागत संबोधन भाजपा के महानगर संयोजक राजेश गुप्ता और आभार ज्ञापन राप्तीनगर मंडल के अध्यक्ष प्रशांत विश्वकर्मा ने किया। इस आयोजन में राप्तीनगर मंडल के 11 वार्डों से आए प्रबुद्धजन की सहभागिता रही। इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, विधायक विपिन सिंह, राप्तीनगर वार्ड की पार्षद पूनम सिंह, पूर्वांचल विश्वविद्यालय के रिटायर्ड प्रोफेसर राम नरेश धर दुबे, वरिष्ठ चिकित्सक राधा जीना, वरिष्ठ अधिवक्ता वशिष्ठ मिश्रा, वरिष्ठ व्यवसायी व समाजसेवी प्रमोद मातनहेलिया आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

About Nagarik Satta

Check Also

समावेशी विकास का बड़ा उदाहरण, भारतीय डिजिटल मॉडलः जयशंकर

न्यूयॉर्क। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों (सीएचओजीएम 2026) के कार्यकारी सत्र में …

एमपी इंटर कॉलेज से भाजपा ने निकाली लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में उमड़ा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *