लखनऊ। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के तत्वावधान में राजधानी लखनऊ में आयोजित पत्रकार महाकुंभ में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पत्रकारों को एक मंच पर एकत्रित करना तथा उनकी समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाना था।
महाकुंभ में उपस्थित पत्रकारों ने सर्वसम्मति से पांच सूत्रीय मांग पत्र हाथ उठाकर पारित किया और सरकार से तीन माह के भीतर मांगों को पूरा करने का अनुरोध किया। समिति के संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने कहा कि अब पत्रकार अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुके हैं और आज की ऐतिहासिक उपस्थिति ने यह साबित कर दिया कि ईमानदार प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाते।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व सांसद शीशराम सिंह रवि ने कहा कि समिति पूरी ईमानदारी से पत्रकारों के हित में कार्य कर रही है और वह हर परिस्थिति में पत्रकारों के साथ खड़े हैं।
मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार प्रदेश के विकास और जनता के हित में लगातार कार्य कर रही है। पत्रकारों की पांच सूत्रीय मांगों पर उन्होंने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि वह मांग पत्र मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित पत्रकारों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने भी पत्रकारों का दिल जीत लिया। तिरुपति बालाजी दर्शन से लौटने के तुरंत बाद वह सीधे कार्यक्रम स्थल पीडब्ल्यूडी सभागार पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से देर से पहुंचने के लिए क्षमा मांगी और आश्वासन दिया कि पत्रकारों की परिवहन सुविधाओं से जुड़ी मांगों, विशेषकर बस यात्रा में किलोमीटर की बाध्यता समाप्त करने, पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही अधिकारियों और पत्रकार प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समाधान निकाला जाएगा।
दयाशंकर सिंह ने दिवंगत पत्रकार दिलीप सिन्हा के परिवार से मिलकर सहायता राशि देने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं और परिवहन विभाग को आदर्श विभाग बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि पत्रकारों की मांगें पूरी तरह न्यायोचित हैं और वह स्वयं प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। उन्होंने गौ संरक्षण और जैविक खेती को बढ़ावा देने की भी अपील की।
सूचना आयुक्त दिलीप अग्निहोत्री ने हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्षों की यात्रा और पत्रकारिता की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। वरिष्ठ पत्रकार अजय कुमार ने अपने 50 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव साझा करते हुए समिति को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
समिति की प्रमुख मांगों में वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन, पत्रकार सुरक्षा गारंटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और आवास सुविधाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष शेखर पंडित, महासचिव ज्ञानेश पाठक, उपाध्यक्ष केके सिंह, अमन अग्रवाल, जितेंद्र कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष विक्रम राव, सचिव राजू यादव, अर्चना गुप्ता, दीपक अवस्थी, लखन मिश्र सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विक्रम राव ने किया।
NAGARIK SATTA
