आगरा। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की प्राणवायु है और मीडिया लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदार भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी सशक्त और जीवंत रह सकता है, जब उसके सभी स्तंभ निष्पक्षता, स्वतंत्रता और उत्तरदायित्व के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
उप मुख्यमंत्री आगरा में आयोजित नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) के राष्ट्रीय सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया।
सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों का स्वागत करते हुए श्री मौर्य ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकार समाज को जागरूक करने, जनभावनाओं को अभिव्यक्ति देने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि मीडिया की कलम में अपार शक्ति होती है। यदि सरकार जनहित के कार्यों में कहीं कमी छोड़ती है तो पत्रकार उसे उजागर करने का अधिकार रखते हैं, वहीं सरकार की उपलब्धियों और सकारात्मक कार्यों को जनता तक पहुंचाने में भी मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने “वन नेशन-वन इलेक्शन” की अवधारणा को संसाधनों की बचत और विकास की गति को तेज करने वाला कदम बताते हुए कहा कि देश की युवा पीढ़ी और आम नागरिक भी इस विचार का व्यापक समर्थन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऊर्जा संकट, वैश्विक अस्थिरता और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों के बावजूद भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रक्षा उत्पादन, ऊर्जा सुरक्षा और तकनीकी विकास के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। आत्मनिर्भर भारत के निर्माण से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विभिन्न देशों द्वारा दिए गए सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान है।
सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की बढ़ती भूमिका पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इन माध्यमों ने अभिव्यक्ति के नए अवसर प्रदान किए हैं, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं। पत्रकारिता को तथ्यों, निष्पक्षता और राष्ट्रहित के मूल्यों के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों की समर्थक है और पत्रकारों से जुड़े मुद्दों एवं समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील है। डबल इंजन सरकार सुशासन, विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने पत्रकारों से लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी, राष्ट्रीय महामंत्री प्रदीप तिवारी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अरविंद सिंह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक प्रमोद गोस्वामी, प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे, प्रदेश महामंत्री द्विजेंद्र शर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष अरुण कुमार अवस्थी सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर आशु रानी, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, एनयूजेआई परिवार के सदस्य, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् और बड़ी संख्या में पत्रकारों ने सहभागिता की।
NAGARIK SATTA
