Breaking News

यूपी पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा 2026 शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, 20 जून तक घोषित होगा परिणाम

लखनऊ। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद (पॉलीटेक्निक), उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक)-2026 का सफल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण आयोजन संपन्न हो गया है। परीक्षा का आयोजन 2 जून से 9 जून 2026 तक प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थापित परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) प्रणाली के माध्यम से किया गया।

प्रदेश की तकनीकी शिक्षा व्यवस्था की प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं में शामिल इस परीक्षा के जरिए अभ्यर्थियों को इंजीनियरिंग, फार्मेसी, प्रौद्योगिकी, प्रबंधन, परिधान प्रौद्योगिकी, होटल प्रबंधन समेत विभिन्न रोजगारोन्मुखी एवं कौशल आधारित डिप्लोमा और पोस्ट डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर मिलेगा। कंप्यूटर आधारित प्रणाली के कारण परीक्षा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीकी रूप से सुदृढ़ रही।

परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए परिषद ने सभी केंद्रों पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं। बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षित प्रवेश व्यवस्था तथा तकनीकी सहायता टीमों की तैनाती के साथ अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए। परिषद मुख्यालय, लखनऊ से परीक्षा की लगातार निगरानी की गई और किसी भी तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या के त्वरित समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखा गया।

परिषद द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी पाठ्यक्रमों के लिए आयोजित समूह-ए में 2,07,229 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,67,921 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। फार्मेसी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए आयोजित समूह-ई1 एवं ई2 में 1,64,312 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1,29,977 ने परीक्षा दी। डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के द्वितीय वर्ष में प्रवेश (लेटरल एंट्री) हेतु आयोजित समूह-के1 से के8 में 35,680 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 25,663 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। वहीं समूह-बी, सी, डी, एफ, जी, एच, आई एवं एल के विभिन्न विशिष्ट और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए पंजीकृत 16,574 अभ्यर्थियों में से 10,741 ने परीक्षा दी।

संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद (पॉलीटेक्निक), उत्तर प्रदेश के सचिव ने परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों, उनके अभिभावकों, परीक्षा केंद्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा आयोजन से जुड़े सभी हितधारकों का आभार व्यक्त किया है।

परिषद के अनुसार, संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक)-2026 का परिणाम 20 जून 2026 तक परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित किया जाएगा। इसके बाद ऑनलाइन काउंसलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थी निर्धारित समयावधि में प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकें।

About Nagarik Satta

Check Also

समावेशी विकास का बड़ा उदाहरण, भारतीय डिजिटल मॉडलः जयशंकर

न्यूयॉर्क। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों (सीएचओजीएम 2026) के कार्यकारी सत्र में …

एमपी इंटर कॉलेज से भाजपा ने निकाली लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में उमड़ा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *