सोनभद्र। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के पूर्व उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता पवन कुमार सिंह ने लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में सोमवार को हुई भीषण अग्निकांड की घटना पर गहरा दुःख एवं चिंता व्यक्त की है। जारी बयान में उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कोचिंग सेंटर में आग लगने की यह घटना अत्यंत चिंताजनक है, जिसने एक बार फिर शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गंभीर समस्या को उजागर किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास मार्गों की व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा मानकों की नियमित जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पवन कुमार सिंह ने प्रदेश सरकार एवं प्रशासन से इस घटना की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी, ठोस और समयबद्ध कदम उठाना आवश्यक है।
उन्होंने हादसे से प्रभावित विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से सभी के सुरक्षित एवं शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
NAGARIK SATTA