लखनऊ। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, औरास (उन्नाव) की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अर्चना देवी एवं निशा वर्मा ने अपनी शिक्षिका पूनम के साथ राज्य परियोजना कार्यालय में महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी से शिष्टाचार भेंट की।
मुलाकात के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने अपने संघर्ष, क्रिकेट के सफर, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली उपलब्धियों तथा भविष्य के लक्ष्यों और सपनों को साझा किया। उन्होंने बताया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद निरंतर मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि अर्चना देवी और निशा वर्मा प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में भी देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करेंगी। साथ ही उन्होंने शिक्षिका पूनम के योगदान की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि समर्पित शिक्षक ही विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर दोनों खिलाड़ियों ने शिक्षा विभाग द्वारा मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि वे आगे भी बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए नई उपलब्धियां हासिल करने का प्रयास करती रहेंगी।
NAGARIK SATTA