लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने श्रावण मास में 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की बसों के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन का निर्देश जारी किया है। उन्होंने कहा कि 11 अगस्त को श्रावण शिवरात्रि के मुख्य पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाए तथा यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।
परिवहन मंत्री ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान आगरा, बरेली, मुरादाबाद, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, सहारनपुर, गोरखपुर और वाराणसी क्षेत्र के प्रमुख मार्ग प्रभावित रहेंगे। यात्रा की शुरुआत में हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है, इसलिए हरिद्वार मार्ग पर अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। इसके अलावा लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज मार्गों पर भी यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी बस स्टेशनों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, साफ-सफाई, पूछताछ कक्ष, ध्वनि प्रसारण प्रणाली और खान-पान की सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित रहें।
दयाशंकर सिंह ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा से जुड़े मार्गों पर बसों की गति निर्धारित सीमा के भीतर रखी जाए तथा सभी चालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट अनिवार्य रूप से कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के प्रति सहयोगात्मक एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने तथा आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि निगम की बसों के कारण कांवड़ यात्रा किसी भी स्थिति में बाधित न हो।
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक ने बताया कि प्रथम सोमवार 3 अगस्त, द्वितीय सोमवार 10 अगस्त, श्रावण शिवरात्रि 11 अगस्त, तृतीय सोमवार 17 अगस्त और चतुर्थ सोमवार 24 अगस्त को विशेष व्यवस्था लागू रहेगी। प्रत्येक क्षेत्रीय मुख्यालय पर 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जो यात्रा समाप्त होने तक लगातार कार्य करेगा।
उन्होंने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों, सेवा प्रबंधकों एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि वे जिला एवं मंडल स्तर पर आयोजित कांवड़ मेला तैयारियों की बैठकों में अनिवार्य रूप से भाग लें और जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। जिला प्रशासन द्वारा जारी रूट डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा तथा इसकी जानकारी सभी संबंधित अधिकारियों को व्हाट्सएप समूह और दूरभाष के माध्यम से तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।
परिवहन निगम ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित डायवर्जन एवं वैकल्पिक मार्गों पर ही निगम की बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और निर्बाध बनी रहे।
NAGARIK SATTA