- 18 कर्मचारियों को मिला डायरेक्टर अवार्ड ऑफ मेरिट
- ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने दी देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों, संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत कर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संस्थान की विगत वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सभी कर्मचारियों से निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा संस्थान एवं राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्थान में कार्यरत 18 नियमित कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए “डायरेक्टर अवार्ड ऑफ मेरिट” प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संस्थान में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए।
इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में संस्थान के कर्मचारियों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम और ऊर्जा का संचार किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ और ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। इनमें सेल्फी विद तिरंगा, पोर्ट्रेट विद तिरंगा, प्रश्नोत्तरी, रंगोली, भाषण और स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।
समारोह में संस्थान के सभी विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा, एकता और सेवा के संकल्प के साथ हुआ।
NAGARIK SATTA