Breaking News

अवंतीबाई लोधी का शौर्य और बलिदान सदियों तक देश को प्रेरित करेगा : राजनाथ सिंह

लखनऊ। केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जिला लोधी क्षत्रिय राजपूत सभा लखनऊ के तत्वावधान में वीरांगना अवंतीबाई लोधी की अश्वारोही प्रतिमा का लोकार्पण किया। दोनों नेताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी का जीवन भारत के गौरवशाली इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। मातृभूमि के प्रति उनका समर्पण, अदम्य साहस, स्वाभिमान और बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि प्रतिमा का लोकार्पण केवल स्मारक की स्थापना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को देश के इतिहास, वीरता और राष्ट्रभक्ति से परिचित कराने का माध्यम है। राजनाथ सिंह ने कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अवंतीबाई लोधी ने अंग्रेजी सत्ता के सामने जिस निर्भीकता से मोर्चा संभाला, वह भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में राज्य की बागडोर संभाली और सुशासन की मिसाल कायम की। अंग्रेजों के छल-कपट के बावजूद उन्होंने झुकना स्वीकार नहीं किया और स्वयं हथियार उठाकर आसपास के राजाओं एवं जमींदारों को भी अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ संघर्ष के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने खैरी के युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों और आम लोगों से तैयार सेना के बल पर वीरांगना अवंतीबाई ने अंग्रेज अधिकारी वडिंग्टन को पराजित किया। बाद में अंग्रेजी सेना द्वारा चारों ओर से घेर लिए जाने के बावजूद उन्होंने आत्मसमर्पण नहीं किया और रणभूमि में आत्मबलिदान दिया। रक्षा मंत्री ने कहा कि उनका जीवन अन्याय के सामने न झुकने और आत्मसम्मान से समझौता न करने की प्रेरणा देता है। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत के आदर्श और प्रेरणास्रोत बाहर से आयातित होने की आवश्यकता नहीं है। देश की धरती ने असंख्य ऐसे महान व्यक्तित्वों को जन्म दिया है, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना जीवन समर्पित किया। युवाओं को रानी अवंतीबाई लोधी से लेकर बाबा साहब डॉ. भीमराव आम्बेडकर जैसे राष्ट्र निर्माताओं के जीवन और योगदान से परिचित कराना आवश्यक है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब डॉ. भीमराव आम्बेडकर से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थानों को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित किए जाने और बहराइच में महाराजा सुहेलदेव की स्मृति में स्मारक बनाए जाने का भी उल्लेख किया। रक्षा मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि उन्हें उनके मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला था। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह का जीवन स्वाभिमान और सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण था।

  • मातृशक्ति के शौर्य और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक

राजनाथ सिंह ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी की गौरवगाथा केवल अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ उनके संघर्ष और बलिदान तक सीमित नहीं है। उन्होंने ऐसी सामाजिक व्यवस्था को भी चुनौती दी, जिसमें महिलाओं को पुरुषों के बराबर अवसर और सम्मान नहीं मिलता था। उनका जीवन महिला सशक्तिकरण और समानता का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं सेना, पुलिस, विज्ञान, खेल, शिक्षा और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में महिला पायलटों और महिला सैनिकों की भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह नए भारत की नारी शक्ति का परिचायक है। रक्षा मंत्री ने कहा कि सैनिक स्कूलों के दरवाजे बेटियों के लिए खोले गए हैं। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, ‘लखपति दीदी’ और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं को शिक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता और लोकतांत्रिक भागीदारी के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि आज अपराधियों में कानून का भय है और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है।

  • अवंतीबाई लोधी का जीवन मातृशक्ति के साहस, स्वाभिमान और नेतृत्व का प्रतीक : योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी का जीवन, शौर्य और बलिदान भारत की मातृशक्ति के अदम्य साहस, स्वाभिमान और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कम उम्र में ही अवंतीबाई ने अंग्रेजी सत्ता के विरुद्ध जिस साहस का परिचय दिया, वह आज की युवा पीढ़ी और विशेष रूप से बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का स्वतंत्रता आंदोलन किसी एक व्यक्ति, राजनीतिक दल या क्षेत्र का आंदोलन नहीं था। यह पूरे देश की सामूहिक चेतना और स्वतंत्रता की आकांक्षा का परिणाम था। मंगल पांडे, महारानी लक्ष्मीबाई, धन सिंह गुर्जर कोतवाल और वीरांगना अवंतीबाई लोधी जैसे सेनानियों ने अंग्रेजी सत्ता के विरुद्ध संघर्ष को व्यापक स्वरूप दिया। उन्होंने कहा कि अवंतीबाई लोधी, महारानी लक्ष्मीबाई, ऊदा देवी पासी और झलकारीबाई जैसी वीरांगनाओं का जीवन प्रमाणित करता है कि मातृशक्ति किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। अवसर मिलने पर महिलाएं समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने में सक्षम हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार का ‘मिशन शक्ति’ अभियान महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वाभिमान और स्वावलम्बन पर केंद्रित है। सरकार महिलाओं को सुरक्षा के साथ शिक्षा, रोजगार, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता के अवसर भी उपलब्ध करा रही है।

  • तीन महिला पीएसी बटालियन गठित

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा बलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए तीन महिला पीएसी बटालियन गठित की गई हैं। लखनऊ, गोरखपुर और बदायूं में इन बटालियनों का गठन किया गया है। बदायूं में गठित महिला पीएसी बटालियन को वीरांगना अवंतीबाई लोधी के नाम पर समर्पित करने की तैयारी है। लखनऊ की महिला पीएसी बटालियन का नाम वीरांगना ऊदा देवी पासी और गोरखपुर की बटालियन का नाम वीरांगना झलकारीबाई के नाम पर रखा गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि स्नातक अंतिम वर्ष की छात्राओं को महारानी लक्ष्मीबाई के नाम पर स्कूटी देने की पहल भी बेटियों को शिक्षा और स्वावलम्बन से जोड़ने की दिशा में की जा रही है। उन्होंने महिलाओं और वरिष्ठ नागरिक माताओं के लिए शुरू की गई निःशुल्क बस यात्रा सुविधा का भी उल्लेख किया।

  • महापुरुषों का सम्मान राजनीति से ऊपर 

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महापुरुष किसी जाति, वर्ग, दल या क्षेत्र की सीमाओं में बंधे नहीं होते। उन्होंने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, इसलिए उनके प्रति सम्मान राजनीति से ऊपर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को जाति और वर्ग के नाम पर बांटने के बजाय महापुरुषों के जीवन से एकता और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा लेनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं स्थापित हैं। इसी स्थल पर वीरांगना अवंतीबाई लोधी की अश्वारोही प्रतिमा मातृशक्ति के शौर्य और स्वाभिमान का प्रतीक बनकर लोगों को प्रेरित कर रही है। उन्होंने अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी की स्मृति में उन्नाव स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय का नामकरण किए जाने तथा अलीगढ़ में वीरांगना अवंतीबाई लोधी के नाम पर स्टेडियम बनाए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह की स्मृति में बुलंदशहर में मेडिकल कॉलेज तथा लखनऊ स्थित अति विशिष्ट कैंसर संस्थान का नामकरण भी किया गया है।

  • जयप्रकाश नारायण केंद्र को लेकर पिछली सरकार पर निशाना

मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र का उल्लेख करते हुए पिछली समाजवादी पार्टी सरकार पर भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुई परियोजना की लागत बढ़कर 864 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, लेकिन इसके बावजूद परियोजना अधूरी रही। उन्होंने कहा कि किसी महापुरुष के नाम पर बने केंद्र को किसी राजनीतिक दल के निजी राजनीतिक हितों का केंद्र बनाया जाना उस महापुरुष का अपमान है। योगी ने कहा कि सरकार ने संबंधित समिति को भंग कर दिया है और अब लखनऊ विकास प्राधिकरण के मार्गदर्शन में केंद्र के संचालन की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता के धन के दुरुपयोग की जवाबदेही तय की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को विभाजित करने वाली प्रवृत्तियों से देश कमजोर होता है। स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और महापुरुषों ने समाज को जोड़ने तथा राष्ट्र को मजबूत करने के लिए बलिदान दिया था। इसलिए उनके नाम पर समाज को बांटने के बजाय उनके जीवन से एकता और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी हम सभी के लिए प्रेरणा हैं कि समाज को विभाजित नहीं होने देना है। समाज की एकता ही राष्ट्र की शक्ति है। कार्यक्रम में केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने आयोजकों को धन्यवाद देते हुए प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

About Nagarik Satta

Check Also

समावेशी विकास का बड़ा उदाहरण, भारतीय डिजिटल मॉडलः जयशंकर

न्यूयॉर्क। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों (सीएचओजीएम 2026) के कार्यकारी सत्र में …

एमपी इंटर कॉलेज से भाजपा ने निकाली लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में उमड़ा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *