-
काशी विद्यापीठ के विद्यार्थियों को मिलेगा अजय अवॉर्ड
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मनोविज्ञान विभाग के म्यूजिक थैरेपी सेल एवं रिसर्च सेंटर ने पीजी डिप्लोमा इन म्यूजिक थैरेपी (हाइब्रिड), सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के नामों की घोषणा की है।
शैक्षणिक उपलब्धि के आधार पर डॉ. नेहाश्री श्रीवास्तव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्हें अजय अवॉर्ड के प्रथम पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। वहीं सुमित शेखर ने द्वितीय स्थान हासिल किया है और उन्हें अजय अवॉर्ड के द्वितीय पुरस्कार के रूप में 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
दोनों विद्यार्थियों को पुरस्कार आगामी म्यूजिक थैरेपी के वार्षिक सम्मेलन में औपचारिक रूप से प्रदान किए जाएंगे। अजय अवॉर्ड की स्थापना ऐश्वर्या राज ने अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी की स्मृति में की है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित और सम्मानित करना है।
म्यूजिक थैरेपी सेल एवं रिसर्च सेंटर ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। केंद्र की ओर से विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा में योगदान देने वाले शिक्षकों, संकाय सदस्यों एवं अकादमिक सहयोगियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया।
केंद्र ने विश्वविद्यालय के कुलपति एवं संरक्षक प्रो. आनंद कुमार त्यागी के निरंतर प्रोत्साहन एवं सहयोग के लिए विशेष आभार जताया। साथ ही मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल के अकादमिक नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
म्यूजिक थैरेपी सेल एवं रिसर्च सेंटर के समन्वयक डॉ. दुर्गेश कुमार उपाध्याय ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि म्यूजिक थैरेपी के क्षेत्र में ऐसे दक्ष और संवेदनशील पेशेवरों का विकास आवश्यक है, जो साक्ष्य-आधारित अभ्यास, व्यवस्थित शोध, अंतर्विषयी सहयोग और सामाजिक सेवा के माध्यम से इस उभरते क्षेत्र को आगे बढ़ा सकें।
केंद्र ने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करेगी और म्यूजिक थैरेपी को एक सुदृढ़, वैज्ञानिक एवं अंतर्विषयी क्षेत्र के रूप में विकसित करने में योगदान देगी।
NAGARIK SATTA