लखनऊ। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को लखनऊ में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने करीब 200 मीटर आगे ही बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया।
बैरिकेडिंग पर रोके जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और आराधना मिश्रा समेत कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और वहां नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। कांग्रेस नेता शिव पांडेय के पैर में चोट लगने की बात सामने आई। कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया कि उन्हें पुलिस की लाठी से चोट लगी है।
बारिश के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी रहा और मौके पर काफी गहमा-गहमी देखने को मिली। महिला कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ लिखे पोस्टर लेकर प्रदर्शन में शामिल हुईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अजय राय, आराधना मिश्रा समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और बसों से ईको गार्डन पहुंचाया। प्रदर्शन को लेकर मौके पर पुलिस की भारी मौजूदगी रही और बैरिकेडिंग के आसपास काफी देर तक नारेबाजी तथा विरोध-प्रदर्शन का सिलसिला चलता रहा।
NAGARIK SATTA