Breaking News

पीएम आवास योजना शहरी में उत्तर प्रदेश को मिले दो राष्ट्रीय पुरस्कार

  • देश में सर्वाधिक आवास पूर्ण करने में प्रथम एवं पीएम आवास योजना शहरी 2.0 के प्रदर्शन में मिला तृतीय पुरस्कार

लखनऊ। विश्व पर्यावास दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश को प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आज विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश को प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के लाभार्थी आधारित आवास निर्माण घटक में स्वीकृत आवासों के सापेक्ष सर्वाधिक आवास पूर्ण करने के लिए प्रथम पुरस्कार तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के सापेक्ष सर्वाधिक प्रतिशत आवासों की ग्राउंडिंग के लिए तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। दोनों पुरस्कार केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री तोखन साहू द्वारा प्रदान किए गए।

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों तथा नगर विकास विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने का जो संकल्प लिया है, उसे उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जा रहा है। प्रधानमंत्री के विजन और मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं के अनुरूप प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से मिले। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी केवल आवास उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि यह शहरी गरीब और वंचित परिवारों के जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और सम्मान लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावास दिवस पर उत्तर प्रदेश को मिले दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार इस बात का प्रमाण हैं कि प्रधानमंत्री जी के ‘सभी के लिए आवास’ के संकल्प को प्रदेश में पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों में सूडा सहित नगर विकास विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, नगरीय निकायों और योजना के क्रियान्वयन से जुड़े सभी कार्मिकों का सामूहिक योगदान है।

पुरस्कार वितरण समारोह में दोनों पुरस्कार उत्तर प्रदेश की ओर से राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) के निदेशक महेन्द्र बहादुर सिंह ने ग्रहण किए। इस अवसर पर केंद्र सरकार के शहरी विकास विभाग के सचिव सत्येंद्र सिंह, डी. तारा तथा संयुक्त सचिव कुमार रविकान्त सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश प्रतिनिधिमंडल में वित्त नियंत्रक रजनीकान्त वर्मा और कार्यक्रम अधिकारी अतुल सिंह चौहान भी मौजूद रहे।

About Nagarik Satta

Check Also

शानदार प्रदर्शन करते हुए बीपीएड की टीमों ने जीती वॉलीबॉल ट्रॉफी

लखनऊ। क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज, लखनऊ के वॉलीबॉल मैदान में आयोजित दो दिवसीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट के …

डबल इंजन सरकार में गरीबों और महिलाओं के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव: एके शर्मा

मंत्री एके शर्मा ने उज्ज्वला योजना महिलाओं के स्वास्थ्य व सम्मान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *