अयोध्या का दीपोत्सव केवल दीप जलाने का उत्सव नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आस्था, लोकतांत्रिक चेतना और विकास के संकल्प का विराट प्रतीक बन चुका है।
नागरिक सत्ता ब्यूरो,
भारतीय संस्कृति में दीपावली अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देने वाला महापर्व है। भगवान श्रीराम के वनवास से अयोध्या लौटने की स्मृति से जुड़ा यह पर्व सदियों से भारतीय जनमानस की आस्था और सांस्कृतिक चेतना का अभिन्न हिस्सा रहा है। लेकिन बीते कुछ वर्षों में अयोध्या का दीपोत्सव जिस भव्यता और वैश्विक पहचान के साथ सामने आया है, उसने इस परंपरा को एक नए आयाम तक पहुंचा दिया है। दीपोत्सव-2026 का दसवां संस्करण इसी सांस्कृतिक पुनर्जागरण और बदलते भारत की सामर्थ्य का सशक्त उदाहरण है।
अयोध्या की राम की पैड़ी पर भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दीप प्रज्वलन तथा सरयू नदी की आरती-पूजन ने इस आयोजन को विशेष आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर 30 लाख से अधिक दीपों से राम की पैड़ी और 70 लाख से अधिक दीपों से संपूर्ण अयोध्या धाम को आलोकित किया गया। 2,100 से अधिक स्वदेशी ड्रोन का भव्य प्रदर्शन, रामायण के प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो ने परंपरा और आधुनिक तकनीक के अद्भुत समन्वय का परिचय दिया।
वर्ष 2017 में महज 1.71 लाख दीपों से शुरू हुआ यह आयोजन आज करोड़ों लोगों की आस्था और जनभागीदारी का प्रतीक बन चुका है। यह बदलाव केवल दीपों की बढ़ती संख्या का नहीं, बल्कि अयोध्या की बदलती पहचान और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक महत्वाकांक्षा का भी परिचायक है।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने रामभक्तों के त्याग और बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि आज हम सभी भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर उनके भव्य एवं दिव्य मंदिर को साकार होते देख रहे हैं। वास्तव में अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण भारतीय समाज की लंबी आस्था, संघर्ष और सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण अध्याय है। यह अवसर हमें उन असंख्य लोगों के योगदान को याद करने की प्रेरणा देता है, जिन्होंने अपनी श्रद्धा और समर्पण से इस ऐतिहासिक यात्रा को आगे बढ़ाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी वर्ष 2017 के पहले दीपोत्सव को याद करते हुए अयोध्या के परिवर्तन की यात्रा को रेखांकित किया। कभी बुनियादी सुविधाओं और विकास के लिए संघर्ष करती अयोध्या आज चौड़ी सड़कों, बेहतर यातायात व्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, आधुनिक रेलवे स्टेशन और विकसित धार्मिक पर्यटन सुविधाओं के साथ नई पहचान बना रही है। धर्म पथ, भक्ति पथ और जन्मभूमि पथ जैसे विकास कार्यों ने श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाया है। अयोध्या का स्मार्ट सिटी और सोलर सिटी के रूप में विकसित होना भी भविष्य की संभावनाओं का संकेत है।
इस परिवर्तन का महत्व इसलिए भी अधिक है, क्योंकि अयोध्या केवल एक धार्मिक नगरी नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां का विकास केवल स्थानीय नागरिकों या श्रद्धालुओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव देश की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन अर्थव्यवस्था पर भी पड़ता है।
दीपोत्सव का एक महत्वपूर्ण संदेश लोकतांत्रिक व्यवस्था की शक्ति से भी जुड़ा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि जनता के मत की शक्ति किसी शहर, प्रदेश और देश की तकदीर बदल सकती है। लोकतंत्र की वास्तविक सफलता भी इसी में निहित है कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप शासन व्यवस्था विकसित हो और नागरिकों को सुरक्षा, सम्मान तथा विकास के समान अवसर प्राप्त हों।
सरकार के विकास का वास्तविक मूल्यांकन आम नागरिक के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव से होना चाहिए। गरीब को आवास, जरूरतमंद को भोजन, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और समाज के वंचित वर्गों को सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराना ही सुशासन की वास्तविक कसौटी है। भगवान श्रीराम के आदर्श भी हमें यही सिखाते हैं कि शासन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कल्याण होना चाहिए।
उपराष्ट्रपति ने अपने संबोधन में विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विज्ञान, नवाचार और आधुनिक तकनीक को अपनाने के साथ-साथ सांस्कृतिक जड़ों, भाषाओं और नैतिक मूल्यों से जुड़े रहने की आवश्यकता पर बल दिया। यह विचार आज के भारत के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। आधुनिकता और परंपरा एक-दूसरे की विरोधी नहीं हैं। जिस समाज की जड़ें अपनी संस्कृति में मजबूत होती हैं, वही आधुनिक विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकता है।
वर्ष 2026 के दीपोत्सव ने यह भी दिखाया कि भारतीय संस्कृति और आधुनिक तकनीक का संगम किस प्रकार वैश्विक आकर्षण का केंद्र बन सकता है। ड्रोन शो, लेजर तकनीक और रामायण आधारित प्रस्तुतियों ने नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का अभिनव प्रयास है। यह आवश्यक है कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से हमारी ऐतिहासिक और धार्मिक परंपराओं को केवल उत्सव तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनके मूल्यों को सामाजिक जीवन में भी आत्मसात किया जाए।
भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, करुणा, न्याय, कर्तव्य और लोककल्याण का संदेश देता है। रामराज्य की अवधारणा किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि ऐसी आदर्श शासन व्यवस्था का प्रतीक है, जहां प्रत्येक नागरिक को न्याय, सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर प्राप्त हों। आज जब देश विकसित भारत बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब श्रीराम के आदर्शों की प्रासंगिकता भी साथ में जुड़ी है।
अयोध्या में जलते लाखों दीप हमें दीपोत्सव का वास्तविक उद्देश्य केवल अयोध्या को रोशन करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में आशा, विश्वास और खुशहाली का प्रकाश पहुंचाना होना चाहिए। अयोध्या से प्रज्वलित दीपों की रोशनी यदि गांव-गांव तक शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा, सामाजिक सद्भाव और समृद्धि का संदेश पहुंचाती है।
निस्संदेह, दीपोत्सव-2026 अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान, उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा और भारत की सनातन परंपरा का भव्य उत्सव है। यह आयोजन दुनिया को बताता है कि भारत अपनी प्राचीन विरासत पर गर्व करते हुए आधुनिकता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। आवश्यकता इस बात की है कि दीपोत्सव में प्रज्वलित प्रत्येक दीप हमारे भीतर भी सत्य, सेवा, सद्भाव, कर्तव्य और राष्ट्र निर्माण का संकल्प जगाए यही प्रभु श्रीराम के आदर्शों का सच्चा सम्मान और विकसित भारत की वास्तविक आधारशिला है।
NAGARIK SATTA