Breaking News

मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से नहीं, विजन और समर्पण से होता है विकास: योगी 

  • देवीपाटन मंडल के 46,800 छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को वितरित किए टैबलेट, युवाओं से कौशल विकास पर ध्यान देने का आह्वान

गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास केवल सपने दिखाने से नहीं, बल्कि स्पष्ट विजन, समय और समर्पण से होता है। वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश माफिया, अराजकता और दंगों के लिए जाना जाता था, लेकिन आज प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की सोच परिवार तक सीमित थी, जबकि उनकी सरकार ने प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानकर विकास की दिशा में काम किया है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोंडा में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के 46,800 छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। उन्होंने युवाओं से तकनीक का सदुपयोग करते हुए शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर तलाशने की अपील की।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टैबलेट केवल डिजिटल उपकरण नहीं, बल्कि युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। इसके माध्यम से शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और कौशल विकास से जुड़ी जानकारियां प्राप्त की जा सकती हैं। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे रील देखने में कम समय लगाएं और प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट अपने कौशल को निखारने में लगाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपने बड़े होने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए परिश्रम करने की क्षमता भी विकसित करनी होगी।

  • विकास के नए केंद्र बन रहे देवीपाटन मंडल के जिले

मुख्यमंत्री ने देवीपाटन मंडल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले गोंडा का नाम देश के सबसे गंदे शहरों में आता था। देवीपाटन शक्तिपीठ तक पहुंचने वाली सड़कें भी खराब स्थिति में थीं। बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जैसे जिले विकास की दौड़ में पीछे थे और नीति आयोग की आकांक्षी जिलों की सूची में इस मंडल के तीन जनपद शामिल थे।

उन्होंने कहा कि आज गोंडा में मेडिकल कॉलेज बन चुका है, बहराइच में मेडिकल कॉलेज संचालित है और बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण हुआ है। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। श्रावस्ती में एयरपोर्ट तैयार हो चुका है और जल्द ही हवाई कनेक्टिविटी शुरू होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले साढ़े नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार ने देवीपाटन मंडल के विकास के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

  • युवा साथी ऐप से 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों तक पहुंच

मुख्यमंत्री ने बताया कि टैबलेट में युवा साथी ऐप के माध्यम से 18 हजार से अधिक शैक्षिक कंटेंट और निशुल्क पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं। छात्र-छात्राएं इस प्लेटफॉर्म के जरिए छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि डिजिटल उपकरण युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ अपना उद्यम शुरू करने में भी मदद करेंगे। हालांकि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए, न कि उस पर पूरी तरह निर्भर होने के लिए। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की सत्यता जांचने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सलाह दी।

  • यूपी में 120 से बढ़कर 25 हजार से अधिक हुए स्टार्टअप

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में मुश्किल से 120 स्टार्टअप थे, जबकि आज इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है। प्रदेश में विकसित हो रहा स्टार्टअप इकोसिस्टम युवाओं को नौकरी पाने के साथ रोजगार देने वाला भी बना रहा है। उन्होंने कहा कि गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के युवा भी उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले शिक्षा व्यवस्था में बुनियादी सुविधाओं का अभाव था और विभिन्न क्षेत्रों में माफिया का प्रभाव था। मौजूदा सरकार ने ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार के जरिए स्कूलों तथा इंटर कॉलेजों में भवन, स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी, फर्नीचर, खेल मैदान और शौचालय जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम किया है।

  • हर जिले में बनेगा स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किया जा रहा है। यहां दसवीं, बारहवीं, स्नातक और परास्नातक युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जापान और जर्मनी में रोजगार पाने के इच्छुक युवाओं को संबंधित भाषाओं का प्रशिक्षण सरकार अपने खर्च पर दिलाने का प्रयास करेगी, ताकि उनके लिए विदेश में रोजगार के अवसर बढ़ सकें।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सड़क, परिवहन और औद्योगिक ढांचे के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने बाराबंकी-बहराइच चार लेन एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर के लिए सात हजार करोड़ रुपये की स्वीकृति, गोंडा-लखनऊ मार्ग के चौड़ीकरण, जरवल रोड के पास घाघरा नदी पर चार लेन पुल, अयोध्या-बलरामपुर-श्रावस्ती कॉरिडोर और गोरखपुर-शामली-पानीपत इकोनॉमिक कॉरिडोर का जिक्र किया। इसके अलावा रुपईडीहा में लैंड पोर्ट, औद्योगिक लॉजिस्टिक कॉरिडोर तथा कतर्नियाघाट और चित्तौरा झील को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजनाओं का भी उल्लेख किया।

  • 2047 के विकसित भारत के सारथी बनेंगे युवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य रखा है। उस समय आज के युवा ही देश और प्रदेश का नेतृत्व करेंगे। युवाओं को अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और कौशल का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए।

उन्होंने युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य शामिल कराना चाहिए। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि नैतिक कर्तव्य भी है। उन्होंने बताया कि युवा साथी ऐप के माध्यम से ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं गोंडा के सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, कैसरगंज के सांसद करण भूषण सिंह, बहराइच के सांसद आनंद कुमार गोंड सहित देवीपाटन मंडल के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक, विधान परिषद सदस्य और भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About Nagarik Satta

Check Also

नियुक्ति पत्र बांटने की गति नहीं गिन पाएगा सैफई सिंडिकेट, उसे सिर्फ नोट गिनना आता हैः योगी

मुख्यमंत्री ने कहा सपा और बसपा के कार्यकाल में हुई भर्तियों से दोगुने से अधिक …

भारतीय सॉफ्ट पावर का डंकाः वेनिस बिएनाले में मिला बेस्ट नेशनल पैवेलियन अवॉर्ड

वेनिस। भारत ने वैश्विक कला और संस्कृति के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *