-
खादी स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का प्रतीक: राकेश सचान
लखनऊ। प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने शुक्रवार को गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में 10 दिवसीय राज्य स्तरीय उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026 का उद्घाटन किया। 27 नवंबर से 6 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के उद्यमियों और शिल्पकारों ने 150 आकर्षक स्टॉल लगाए हैं। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति’ रखी गई है।
उद्घाटन समारोह में प्रमुख सचिव खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग अनिल कुमार सागर तथा उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर उपस्थित रहे। महोत्सव में मंत्री राकेश सचान ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों की जानकारी ली।
इस अवसर पर राकेश सचान ने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि देश का स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने आजादी की लड़ाई और देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए खादी को महत्वपूर्ण माध्यम बनाया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प से वर्ष 2014 के बाद खादी को नई पहचान और नई ऊर्जा मिली है। प्रधानमंत्री अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से भी देशवासियों को खादी अपनाने और बुनकरों का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रेरित करते रहे हैं।
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि आज खादी आधुनिक डिजाइन और आकर्षक परिधानों के रूप में युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रही है। शुद्ध कॉटन से बने खादी वस्त्रों की बढ़ती मांग इस क्षेत्र के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने विवाह और अन्य मांगलिक आयोजनों में भी खादी के वस्त्रों को अपनाने की अपील की, ताकि पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय कारीगरों को भी लाभ मिल सके।
- 2.79 लाख से अधिक लोगों को मिला रोजगार
राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत पिछले पांच वर्षों में 2,544.35 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है। इससे प्रदेश में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयों की स्थापना हुई और 2.79 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 18 मंडलों में आयोजित 115 प्रदर्शनियों में लगाए गए 27,508 स्टॉलों के माध्यम से उद्यमियों ने 161.54 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की है। यह आंकड़ा खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
- खादी खरीद पर मिल रही 30 प्रतिशत छूट
राकेश सचान ने बताया कि आम लोगों तक खादी की पहुंच बढ़ाने के लिए विभिन्न शहरों में नए खादी बिक्री केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। गांधी जयंती, 2 अक्टूबर से खादी वस्त्रों और गारमेंट्स की खरीद पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी जा रही है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री राकेश सचान ने उपस्थित लोगों को खादी को जन-जन तक पहुंचाने, ग्रामोद्योग उत्पादों को प्रोत्साहित करने, स्थानीय कारीगरों को उचित बाजार उपलब्ध कराने, युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और स्वदेशी अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया।
उन्होंने लखनऊ के नागरिकों से महोत्सव में पहुंचकर खादी उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि कम से कम एक खादी वस्त्र खरीदकर भी बुनकरों और कारीगरों का उत्साह बढ़ाया जा सकता है। महोत्सव के माध्यम से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का प्रयास किया जा रहा है।
NAGARIK SATTA