Breaking News

कानून का कड़ाई से पालन होने पर ही समाज में शांति स्थापित होती है: आनंदीबेन पटेल

  • राज्यपाल ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण

  • राज्यपाल ने गोरखपुर स्थित 26वीं पीएसी बटालियन पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में महिला आरक्षियों से किया संवाद

जेपी दुबे, गोरखपुर। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आज मंगलवार को गोरखपुर स्थित 26वीं पीएसी बटालियन, पुलिस प्रशिक्षण केंद्र का भ्रमण किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया। उन्होंने भोजनालय आदि का निरीक्षण करने के पश्चात रिक्रूट महिला आरक्षियों से संवाद किया। महिला आरक्षियों ने प्रशिक्षण के दौरान अपने अनुभव राज्यपाल के साथ साझा किए।

राज्यपाल ने संवाद के दौरान कहा कि उत्तर प्रदेश एक विशाल राज्य है, जिसमें 75 जनपद और 25 करोड़ से अधिक की जनसंख्या है। इन सभी की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना आप सबकी जिम्मेदारी होगी। प्रशिक्षण में विभिन्न प्रकार के अभ्यास कराए जाते हैं, जिन्हें पूरी लगन और मेहनत से करना चाहिए। इससे हमारे अंदर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान महिला आरक्षियों का बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) नियमित रूप से जाँचने एवं शरीर की आवश्यकता के अनुसार संतुलित आहार प्रदान करने का निर्देश दिया।

राज्यपाल ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य सुरक्षा प्रबंधन सीखना, विभिन्न परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करना है। यही शिक्षा आगे चलकर प्रदेश व समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि सभी के लिए कानून समान है और जो व्यक्ति कानून को अपने हाथ में लेता है, उसके लिए दंड निश्चित है। जब कानून का कड़ाई से पालन होता है, तभी समाज में शांति स्थापित होती है।
राज्यपाल ने भोजनालय का निरीक्षण किया एवं उन्होंने सुझाव दिया कि आप सब मिलकर पंद्रह दिन या एक माह में एक दिन स्वयं खाना बनाएं और सामूहिक रूप से भोजन करें। इससे आपसी सहयोग और सामूहिकता की भावना का विकास होगा।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में विभिन्न सामाजिक और सामयिक विषयों पर भी चर्चा की जानी चाहिए। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के बेटे, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, अंतरिक्ष से सफलतापूर्वक लौटे हैं। पूरा देश उनका स्वागत कर रहा है और मुझे आशा है कि शीघ्र ही अंतरिक्ष यात्रा में उत्तर प्रदेश की कोई बेटी भी शामिल होगी।

About Nagarik Satta

Check Also

समावेशी विकास का बड़ा उदाहरण, भारतीय डिजिटल मॉडलः जयशंकर

न्यूयॉर्क। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों (सीएचओजीएम 2026) के कार्यकारी सत्र में …

एमपी इंटर कॉलेज से भाजपा ने निकाली लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में उमड़ा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *