-
एकेटीयू में इंटर्नशिप कर रहे छात्रों ने बनाये प्रोटोटाइप
लखनऊ। डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में सोमवार को छात्रों के नवाचार की प्रदर्शनी लगायी गयी। जिसमें किसी ने स्मार्ट डस्टबिन तो किसी ने गैसों को पहचानने वाला रोबोट का प्रोटोटाइप का प्रदर्शन किया। छात्रों ने यह नवाचार विश्वविद्यालय के टेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग और एरा फाउंडेशन की ओर से कलाम प्रगति के तहत आयोजित मेक एक्स इंटर्नशिप में बनाया है। कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय के निर्देशन में एक महीने के इस इंटर्नशिप में रैपिड प्रोटोटाइपिंग एंड डिजाइन थिंकिंग एवं ऑटोनोमस थिंकिंग का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान छात्रों को विभिन्न समस्याएं दी गयी जिसका समाधान उन्हें नवाचार के जरिये देना था। छात्रों ने फील्ड में जाकर शोध करने के साथ ही डाटा जुटाया। इसके बाद प्रोटोटाइप बनाया। प्रोटोटाइप प्रदर्शनी में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ0 केवी राजू थे। इस दौरान उन्होंने छात्रों के बनाये प्रोटोटाइप को बारीकी से देखा और सुझाव देने के साथ ही सराहना की। इस दौरान डीन ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रो0 नीलम श्रीवास्तव, एसो0 डीन अनुज कुमार शर्मा, इनोवेशन हब के हेड महीप सिंह, शिशिर द्विवेदी, प्रतिभा शुक्ला, एरा फाउंडेशन के गुरु राज संदेश एवं नयन आचार्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
NAGARIK SATTA