Breaking News

राजभवन में सेवा बस्तियों की 5100 कन्याओं का किया गया पूजन

  • माँ शब्द भारत की संसार को देन: चंपत राय

  • बेटियों का संरक्षण समाज के प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी: क्षेत्र प्रचारक

लखनऊ। नवरात्रि के उपलक्ष्य में प्रेरणा परिवार की ओर से गुरूवार को राजभवन प्रांगण में लखनऊ के आसपास क्षेत्रों के 281 सेवा बस्तियों से आयी 5100 से अधिक कन्याओं का पूजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल,श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और क्षेत्र प्रचारक अनिल जी ने निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण का शुभारम्भ किया। सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने हेतु 100 बालिकाओं का निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण किया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि हमें बेटियों के लिए काम करना चाहिए। हमारी बेटियां चरित्रवान, शीलवान व पढ़ी लिखी होनी चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि निम्न मध्यम वर्ग तक हम अभी नहीं पहुंच पाये हैं। उनके बीच हमें बड़े पैमाने पर काम करने की जरूरत है। अभी भी बच्चे भिक्षाटन कर पेट भर रहे हैं।

प्रेरणा के सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बालिकाओं के राजभवन में आगमन ने राजभवन के गौरव को और बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बेटियों के सामने कई चुनौतियाँ होती हैं, इसलिए उन्हें सशक्त बनाने के लिए उनको शिक्षित करना, संस्कारित करना और उनके स्वास्थ्य की रक्षा करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पूरे देश में बेटियों के लिए अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिनसे वे लगातार आगे बढ़ रही हैं। माता-पिता को जागरूक कर बेटियों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देना आवश्यक है, क्योंकि यही बेटियां भविष्य में मातृत्व के रूप में समाज को सशक्त और संस्कारवान नागरिक प्रदान करती हैं। समाज में फैली गंदगी और नकारात्मकता से बेटियों को बचाना है। उन्हें संस्कारित और शिक्षित बनाकर ही हम उत्तम नागरिक तैयार कर सकते हैं।

  • माँ शब्द भारत की संसार को देन: चंपत राय

इस अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने कहा कि बालिकाएं मां भगवती का स्वरूप होती हैं। नवरात्रि के समय में देवी मां का पूजन पूरे देश में होता है। कन्या पूजन के कार्यक्रम से राजभवन एक अनूठा स्थान बन चुका है, जहाँ भारतीय परंपराओं की रक्षा के कार्यक्रम देखने को मिलते हैं।  उन्होंने कहा कि यहाँ सुरक्षा की अनेक चुनौतियाँ रहती हैं, परंतु उन सबके बीच इस प्रकार के आयोजन समाज को प्रेरणा देते हैं। चंपत राय ने कहा कि माँ शब्द भारत की संसार को देन है। हमारे यहां धरती माता,गो माता और गंगा माता का संबोधन करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘माँ’ शब्द स्वयं में पूजनीय है और आज बालिकाओं का पूजन उसी स्वरूप की आराधना है। चंपत राय ने कहा कि आज 25 सितम्बर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। उन्होंने एकात्म मानववाद का दर्शन समाज को दिया। सम्पूर्ण समाज एक है। जैसे शरीर एक है उसी प्रकार हमारा समाज भी एक है।

  • बेटियों का संरक्षण समाज के प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी: क्षेत्र प्रचारक

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल ने कहा कि बालिकाएं दुर्गा का स्वरूप हैं। संपूर्ण विश्व में भारत ही ऐसा देश है, जहाँ नारी को शक्ति का स्वरूप माना गया है और उनकी पूजा की जाती है। सनातन परंपरा में स्त्री को सर्वाेच्च स्थान प्राप्त है। उन्होंने कहा कि नारी का संरक्षण, शिक्षा और सशक्तिकरण केवल परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। क्षेत्र प्रचारक ने कहा कि सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान चला रही है। अब समाज भी बालिका शिक्षा के प्रति जागरूक हो रहा है। बेटियों का संरक्षण समाज के प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी है। प्रत्येक बालिका का शिक्षा कैसे सुलभ हो सकती है। उनकी शिक्षा व स्वास्थ्य की चिंता करते हुए कैसे आगे बढ़ा सकते हैं इसके लिए हम सबको प्रयास करने की जरूरत है।

प्रेरणा परिवार के अध्यक्ष गुंजित कालरा ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रेरणा से मार्च 2024 में लखनऊ शहर के 11 युवा दंपतियों के सहयोग से प्रेरणा परिवार का गठन किया गया था। प्रेरणा परिवार का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को सनातनी परम्पराओं और मूल्यों से जोड़ना है।

कार्यक्रम में महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव,राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी और डा. दिलीप अग्निहोत्री, लोहिया संस्थान के निदेशक प्रो.सीएम सिंह, कैंसर संस्थान के निदेशक डा.एमएलबी भट्ट प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रेरणा परिवार की सचिव शिखा भार्गव व डा. भूपेन्द्र ने किया।

About Nagarik Satta

Check Also

यूपी में AI से बदलेगा बसों के संचालन का तरीका

30 करोड़ की परियोजना पर UPSRTC ने मांगी निविदा लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन …

एके शर्मा का कांग्रेस पर हमला, आपातकाल और 1984 हिंसा का किया जिक्र

गोरखपुर। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गोरखपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *