झांसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को झांसी के कन्वेंशन सेंटर में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में सीएम ने बुंदेलखंड क्षेत्र की परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने बीडा से जुड़ी परियोजनाओं को गति देने और निवेशकों को तीन वर्षों के भीतर निवेश प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए उन्हें उद्योगों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने कानून व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस को माफिया तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही त्योहारों के दृष्टिगत फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने पर भी जोर दिया।
सीएम ने एक करोड़ से अधिक की लागत वाली परियोजनाओं की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा। किसानों के हित में उन्होंने अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा राशि उनके खातों में ट्रांसफर कराने के निर्देश दिए।
महिलाओं की आत्मनिर्भरता की दिशा में उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए गोबर के पेंट से सभी सरकारी भवनों को रंगा जाए। उन्होंने तुलसी उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को स्थानीय वैद्यनाथ फर्म से जोड़ने की बात कही, जिससे उन्हें अधिक लाभ प्राप्त हो सके।
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों को टीबी मुक्त अभियान में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने और मरीजों को गोद लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। बैठक में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मेयर बिहारी लाल आर्य, विधायक रवि शर्मा, डीएम मृदुल चौधरी, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति समेत कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
NAGARIK SATTA