लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल चौक कैम्पस द्वारा सीएमएस कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आयोजित किये जा रहे चार दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय विज्ञान ओलम्पियाड ‘क्वान्टा-2025’ के दूसरे दिन देश-विदेश से पधारे प्रतिभागी छात्रों ने मैथमेटिक्स एवं मेन्टल एबिलिटी क्विज प्रतियोगिता में अपने ज्ञान-विज्ञान की अभूतपूर्व छाप छोड़ी। इस अन्तर्राष्ट्रीय ओलम्पियाड में रूस, ब्राजील, जर्मनी, नेपाल, बांग्लादेश एवं भारत के विभिन्न प्रान्तों के बाल वैज्ञानिक विभिन्न रोचक व ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं के माध्यम से सारे विश्व को एकता, शांति व मैत्री का संदेश दे रहे हैं साथ ही विज्ञान के रचनात्मक उपयोग पर जोर दे रहे हैं।
क्वान्टा-2025 का दूसरे दिन एक्टा-मैथमेटिका एवं मेन्टल एबिलिटी क्विज प्रतियोगिता के नाम रहा। प्रातःकालीन सत्र में इस प्रतियोगिता का लिखित राउण्ड सम्पन्न हुआ, जिसके माध्यम से फाइनल राउण्ड हेतु प्रतिभागी टीमों का चयन किया गया। सायंकालीन सत्र में प्रतियोगिता का फाइनल राउण्ड आयोजित किया गया। इस क्विज प्रतियोगिता का फाइनल राउण्ड अत्यन्त रोचक रहा और गणित के गूढ़ प्रश्नों के जवाब में छात्रों की हाजिर जवाबी लाजबाब रही। प्रतियोगिता में अंकगणित, बीजगणित, रेखा गणित इत्यादि पर आधारित प्रश्नों की झड़ी लग गई। छात्रों ने भी बड़े ही उत्साह से गूढ़ प्रश्नों के उत्तर बिजली की गति से दिये। प्रतियोगिता का ऑडियो-विजुअल राउण्ड व बजर राउण्ड अत्यन्त दिलचस्प रहा।
इसके अलावा, सायंकालीन सत्र में देश-विदेश से पधारे प्रतिभागी छात्रों व टीम लीडरों के सम्मान में रंगारंग साँस्कृति संध्या का आयोजन हुआ। इस अवसर पर छात्रों ने विभिन्न देशों के पारम्परिक लोकनृत्यों की इन्द्रधनुषी छटा प्रदर्शित कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर दिया।
सीएमएस के हेड कम्युनिकेशन्स ऋषि खन्ना ने बताया कि ‘क्वान्टा-2025’ के अन्तर्गत प्रतियोगिताओं का दौर कल भी जारी रहेगा। 10 अक्टूबर, शुक्रवार को देश-विदेश के प्रतिभागी छात्रों के लिए साइन्स क्विज, अक्वा चैलेन्ज रेस, आब्स्टेकल रोबोट रेस, हैकथॉन (स्पेस इनोवेशन) आदि प्रतियोगितायें आयोजित की जायेगी।
NAGARIK SATTA
