पनवाड़ी (महोबा)। सहकारिता मंत्री जे.पी.एस. राठौर के निर्देशन में सोमवार को ब्लॉक सभागार पनवाड़ी में सहकारिता संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (एम-पैक्स) से जोड़ना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना रहा।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लि. लखनऊ के निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि एम-पैक्स समितियाँ ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। इनके माध्यम से किसानों को सस्ती दरों पर ऋण, बीज, खाद व कृषि संसाधन सुलभ कराए जा सकते हैं। उन्होंने किसानों से सदस्यता अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार महोबा के निदेशक महेन्द्र सोनी और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि इं. श्रीप्रकाश वर्मा ने भी विचार रखे। श्री वर्मा ने नई सहकारी समिति गठन और खाद वितरण की समस्याओं के समाधान की मांग की।
इस अवसर पर क्षेत्र की विभिन्न सहकारी समितियों के पदाधिकारी व किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का सम्मान किया गया और सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
NAGARIK SATTA