Breaking News

विधानसभा: शीतकालीन सत्र के एक दिन पहले कार्य मंत्रणा, सर्वदलीय व सुरक्षा को लेकर की गयी बैठक

लखनऊ। 18वीं विधान सभा वर्ष 2025 के तृतीय सत्र को सुचारू, गरिमामय एवं प्रभावी रूप से संचालित करने के उद्देश्य से विधान भवन में कार्य-मंत्रणा समिति और सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी दलीय नेताओं ने सदन की कार्यवाही को शालीनता एवं संसदीय मर्यादा के अनुरूप संचालित करने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधान सभा देश की सबसे बड़ी विधान सभा है और इसकी कार्यवाही पूरे देश के विधान मंडलों के लिए एक मानक एवं आदर्श प्रस्तुत करती है। उन्होंने सभी दलीय नेताओं से आग्रह किया कि वे अपने-अपने विचार सदन में सकारात्मक संवाद, शालीनता एवं संसदीय परंपराओं के अनुरूप रखें। उन्होंने कहा कि संवाद और सार्थक चर्चा के माध्यम से ही लोकतंत्र सशक्त होता है। श्री महाना ने यह भी कहा कि पूर्व सत्रों की भांति इस सत्र में भी सभी दलों का सहयोग अपेक्षित है।

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी दलीय नेताओं द्वारा सदन को सुचारू रूप से चलाने का आश्वासन स्वागतयोग्य है। सत्र के दौरान प्रस्तुत होने वाले विधेयकों पर उनके स्वरूप के अनुरूप सार्थक चर्चा कराई जाएगी और विपक्ष की सहभागिता से रचनात्मक कार्य संपन्न होंगे। सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधान सभा नवाचार के लिए देशभर में पहचानी जा रही है। विधान सभा में नवाचार अन्य विधान सभाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इन प्रयासों से प्रदेश की जनता एवं आगंतुकों को विधान सभा को निकट से जानने का अवसर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में सभी सदस्यों को सकारात्मक एवं सार्थक बहस में भाग लेना चाहिए, क्योंकि जनप्रतिनिधि ही जनता की समस्याओं का प्रथम समाधान केंद्र होते हैं। उन्होंने दलीय नेताओं से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने विधायकों को सदन में बोलने का पर्याप्त अवसर दें।

संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि सरकार सदन में उठाए जाने वाले प्रत्येक विषय पर गंभीरता से उत्तर देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सभी सदस्यों से सदन की गरिमा बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण सहयोग की अपील की। सर्वदलीय बैठक में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विचार रखे।

बैठक में दलीय नेताओं राम निवास वर्मा अपना दल (सोने लाल), ओम प्रकाश राजभर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, रमेश सिंह निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल, आराधना मिश्र मोना भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, विनोद सरोज जनसत्ता लोकतांत्रिक दल तथा उमा शंकर सिंह बहुजन समाज पार्टी उपस्थित थे। बैठक में इन सभी नेताओं ने ने अपने-अपने विचार रखते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि संवाद और सहमति ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है।

इसके अतिरिक्त, विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सत्र के दौरान सुरक्षा एवं समन्वय से संबंधित आलाधिकारियों की एक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें विधान भवन परिसर की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, आगंतुकों एवं वाहनों की जांच, क्यूआरटी टीम, अग्निशमन उपकरणों तथा दमकल वाहनों की व्यवस्था पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

About Nagarik Satta

Check Also

यूपी में AI से बदलेगा बसों के संचालन का तरीका

30 करोड़ की परियोजना पर UPSRTC ने मांगी निविदा लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन …

एके शर्मा का कांग्रेस पर हमला, आपातकाल और 1984 हिंसा का किया जिक्र

गोरखपुर। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गोरखपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *