नई दिल्ली, 1 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह बजट देश की नारीशक्ति, युवा शक्ति और विकसित भारत के संकल्प का सशक्त प्रतिबिंब है। प्रधानमंत्री ने महिला वित्त मंत्री के रूप में निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत करने को एक नया रिकॉर्ड बताते हुए इसे देश के लिए गौरव का क्षण कहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बजट अपार अवसरों का राजमार्ग है, जो वर्तमान के सपनों को साकार करता है और भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है। यह बजट वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में देश की ऊंची उड़ान का मजबूत आधार बनेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज जिस “रिफॉर्म एक्सप्रेस” पर सवार है, इस बजट से उसे नई ऊर्जा और नई गति मिलेगी। बजट में किए गए पाथ-ब्रेकिंग रिफॉर्म्स आकांक्षाओं से भरे भारत के साहसी और प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने के लिए खुला आकाश प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट ट्रस्ट-बेस्ड गवर्नेंस और ह्यूमन-सेंट्रिक इकोनॉमिक स्ट्रक्चर के विज़न को साकार करता है। यह एक अनूठा बजट है, जिसमें राजकोषीय घाटा कम करने और मुद्रास्फीति पर नियंत्रण के साथ-साथ उच्च पूंजीगत व्यय और तेज आर्थिक विकास का संतुलन साधा गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बजट भारत की वैश्विक भूमिका को नए सिरे से सशक्त करता है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनने से संतुष्ट नहीं है, बल्कि जल्द से जल्द विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का संकल्प रखता है। उन्होंने कहा कि एक ‘ट्रस्टेड डेमोक्रेटिक पार्टनर’ और ‘ट्रस्टेड क्वालिटी सप्लायर’ के रूप में भारत की भूमिका लगातार सशक्त हो रही है। हाल के वर्षों में भारत द्वारा की गई प्रमुख व्यापार संधियों का अधिकतम लाभ युवाओं और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को मिले, इसके लिए बजट में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बजट में मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई गति देने के लिए एक महत्वाकांक्षी रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। उभरते हुए सनराइज सेक्टर्स को जिस मजबूती से समर्थन दिया गया है, वह अभूतपूर्व है। उन्होंने बायोफार्मा शक्ति मिशन, सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग स्कीम, रेयर अर्थ कॉरिडोर, क्रिटिकल मिनरल्स पर बल, टेक्सटाइल सेक्टर की नई योजनाएं, हाई-टेक टूल मैन्युफैक्चरिंग और चैंपियन एमएसएमई तैयार करने जैसे प्रावधानों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बताया। उन्होंने कहा कि एमएसएमई और कुटीर उद्योगों को मिला समर्थन उन्हें लोकल से ग्लोबल बनने की नई ताकत देगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, देशभर में जलमार्गों का विस्तार, हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास तथा म्युनिसिपल बॉन्ड्स को बढ़ावा देने जैसे कई बड़े कदम उठाए गए हैं। ये सभी पहल विकसित भारत की यात्रा को और तेज करेंगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी पूंजी उसके नागरिक होते हैं और सरकार ने बीते वर्षों में नागरिकों की क्षमता निर्माण पर अभूतपूर्व निवेश किया है। उन्होंने इस बजट को “युवा शक्ति बजट” बताते हुए कहा कि इसमें युवाओं की सोच, सपने, संकल्प और गति सभी का समावेश है। बजट के प्रावधानों से विभिन्न क्षेत्रों में लीडर्स, इनोवेटर्स और क्रिएटर्स तैयार होंगे। मेडिकल हब्स, एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स, ऑरेंज इकोनॉमी, पर्यटन, खेलो इंडिया मिशन और डेटा सेंटर हब को बढ़ावा देने के लिए कर प्रोत्साहनों से रोजगार सृजन को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने पर्यटन, विशेष रूप से उत्तर-पूर्व में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए कहा कि बजट ने राज्यों को सशक्त बनाकर संतुलित विकास की मजबूत नींव रखी है।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में 10 करोड़ से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं। बजट में महिलाओं द्वारा निर्मित और संचालित स्वयं सहायता समूहों के लिए आधुनिक इकोसिस्टम को प्राथमिकता दी गई है। प्रत्येक जिले में छात्राओं के लिए नए छात्रावासों का निर्माण शिक्षा को और सुलभ बनाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कृषि, डेयरी और मत्स्य पालन क्षेत्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। नारियल, काजू, कोको और चंदन उत्पादक किसानों के लिए उठाए गए कदमों, भारत विस्तार एआई टूल तथा पशुपालन और मत्स्य पालन में उद्यमिता को बढ़ावा देने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बजट महत्वाकांक्षी होने के साथ-साथ देश की आकांक्षाओं को संबोधित करता है। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी टीम को इस भविष्यदर्शी, संवेदनशील और गांव-गरीब-किसान कल्याणकारी बजट के लिए बधाई दी।
NAGARIK SATTA