Breaking News

किताबों से निकलकर जमीन पर उतरे कानून, तभी न्याय होगा सार्थक: अनिल कुमार सिंह

  • एमिटी विश्वविद्यालय में ‘5वें लेक्स कार्निवाल -ज्यूरिस ट्रैक 2026’ का भव्य शुभारंभ

लखनऊ, 09 फरवरी । विधि विद्यार्थियों को क्लासरूम से इतर व्यवहारिक जीवन में सामने आने वाले मुद्दों और चुनौतियों का सामना करने का अनुभव देने हेतु एमिटी लॉ स्कूल, एमिटी विश्वविद्यालय लखनऊ परिसर द्वारा दो दिवसीय “5वें लेक्स कार्निवाल-ज्यूरिस ट्रैक 2026” का आयोजन किया गया।

कार्निवाल के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि, एसपी सुरक्षा लखनऊ, आईपीएस अनिल कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्निवाल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रति-कुलपति एमिटी विश्वविद्यालय लखनऊ परिसर, प्रोफेसर (डा.) अनिल वशिष्ठ, निदेशक एमिटी लॉ स्कूल, प्रोफेसर (डा.) तपन चंदोला और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों सहित बडी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रति-कुलपति प्रोफेसर (डा.) अनिल वशिष्ठ ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह एवं नवांकुर पौधा देकर उन्हें सम्मानित किया।

उपस्थित प्रतिभागियों और मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए प्रोफेसर (डा.) तपन चंदोला ने कहा कि लेक्स कार्निवाल विधि विद्यार्थियों के लिए सीखने, टीमवर्क करने और अपने ज्ञान के विकास की एक यात्रा का एक अवसर है। यह क्लासरूम शिक्षा और पेशेवर विधि-क्षेत्र के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करता है, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आईपीएस अनिल कुमार सिंह ने भावी अधिवक्ताओं से कहा कि विधि व्यवसाय में सफलता और आर्थिक समृद्धि प्राप्त करना महत्वपूर्ण है, किंतु समाज के वंचित, गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग के लिए कार्य करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को न्याय के प्रति संवेदनशील होने एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों को निभाने की प्रेरणा दी। श्री सिंह ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में कानून केवल पुस्तकों में लिखे प्रावधानों तक सीमित नहीं होता, कानून तभी प्रभावी बनता है जब वह धरातल पर लागू होता हुआ दिखे और नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करें। इस व्यवस्था को बनाने की जिम्मेदारी देश के विधिक संस्थानों पर बनती है। उन्होंने कहा कि आज इन युवा विद्यार्थियों को देखकर यह विश्वास दृढ़ हो गया है कि देश की न्यायिक व्यवस्था सक्षम हाथों में है।

एमिटी लॉ स्कूल द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह कार्निवाल इस वर्ष अपने पांचवें संस्करण में आयोजित किया जा रहा है, जो शैक्षणिक उत्कृष्टता और रचनात्मक अभिव्यक्ति का संगम है। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें स्किट प्रतियोगिता, “हिट द बज” लीगल क्विज, जजमेंट राइटिंग प्रतियोगिता, लीगल मैक्सिम बी सहित “नो योर रोल” टैलेंट हंट प्रतियोगिता आदि के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी बहुमुखी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया गया।

इस कार्निवाल में इलाहाबाद विश्वविद्यालय, लखनऊ विश्वविद्यालय, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय, डा. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी लखनऊ, अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज विश्वविद्यालय, भातखंडे विश्वविद्यालय लखनऊ, शिया पीजी कॉलेज, सिटी लॉ स्कूल, क्राइस्ट विश्वविद्यालय दिल्ली, श्रीरामस्वरूप विश्वविद्यालय लखनऊ, बीबीडी लखनऊ, एशियन लॉ कॉलेज, आईटी कॉलेज लखनऊ, दिल्ली विश्वविद्यालय, नेशनल लॉ विश्वविद्यालय सोनीपत, इंटीग्रल विश्वविद्यालय लखनऊ, यूनाइटेड विश्वविद्यालय, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय सहित देशभर के कई प्रतिष्ठित विधि शिक्षण संस्थानों से आए प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।

About Nagarik Satta

Check Also

समावेशी विकास का बड़ा उदाहरण, भारतीय डिजिटल मॉडलः जयशंकर

न्यूयॉर्क। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों (सीएचओजीएम 2026) के कार्यकारी सत्र में …

एमपी इंटर कॉलेज से भाजपा ने निकाली लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में उमड़ा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *