-
आनंदीबेन पटेल ने किया ‘सुनीता विलियम्स विलेज वैज्ञानिक स्पेस लैब’ का लोकार्पण
लखनऊ। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को जन भवन परिसर स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में ‘सुनीता विलियम्स विलेज वैज्ञानिक स्पेस लैब’ का लोकार्पण किया तथा विद्यालय परिसर से ‘स्पेस ऑन व्हील’ वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह स्पेस लैब व्योमिका फाउंडेशन, लखनऊ द्वारा एचडीएफसी बैंक के सीएसआर फंड से लगभग 12.50 लाख रुपये की लागत से स्थापित की गई है। ‘स्पेस ऑन व्हील’ वैन में भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। इसमें एसएलवी, पीएसएलवी, जीएसएलवी, चंद्रयान-1, चंद्रयान-2 सहित विभिन्न प्रक्षेपण यानों के कार्यशील स्केल मॉडल तथा अंतरिक्ष तकनीक के विकास को दर्शाते विस्तृत मॉडल प्रदर्शित किए गए। विशेषज्ञों ने राज्यपाल को इन प्रक्षेपण यानों की संरचना, उद्देश्यों और भारत को अंतरिक्ष क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने में उनकी भूमिका की जानकारी दी।
राज्यपाल ने स्पेस लैब का विधिवत अनावरण कर निरीक्षण किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विक्रम लूनर लैंडर, चंद्रयान, पीएसएलवी, जीएसएलवी, मंगलयान, टेलिस्कोप, ड्रोन, विमान मॉडल तथा मिनी रोबोट आदि के बारे में जानकारी दी। विद्यालय परिसर के लॉन में स्थापित जीएसएलवी मॉडल का भी उन्होंने अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा विमान का डेमोंस्ट्रेशन भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, अनुशासन, नियमित उपस्थिति, परिश्रम एवं शारीरिक व्यायाम के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यालय परिसर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा संयुक्त रूप से नियमित सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि समयपालन सफलता की कुंजी है और विलंब से आने वाले विद्यार्थियों को कक्षा में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बच्चों को सकारात्मक ऊर्जा के साथ विद्यालय आने का संदेश देते हुए कहा, “हंसते-हंसते स्कूल आना है और हंसते-हंसते स्कूल से जाना है।” उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विद्यालय में प्रार्थना एवं अन्य कार्यक्रमों का संचालन विद्यार्थी स्वयं करें, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास हो।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने ‘मनुष्य तू बड़ा महान है’ एवं ‘वह शक्ति हमें दो दयानिधे’ प्रार्थनाओं का सामूहिक गायन किया। विद्यालय के छात्र सनी एवं रूबीना ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में स्पेस अप्लीकेशन सेण्टर, अहमदाबाद के निदेशक निलेश एम. देसाई ने अंतरिक्ष विज्ञान पर आधारित प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान एवं गणित के प्रति भय त्यागकर प्रयोगात्मक शिक्षा अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने इण्डियन स्पेस रिसर्च आर्गेनाइजेशन की स्थापना से लेकर वर्तमान उपलब्धियों तक की यात्रा का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि असफलताएं ही सफलता की आधारशिला होती हैं। उन्होंने निसार, नाविक, चंद्रयान-3, आदित्य एल-1, मंगलयान, गगनयान तथा प्रस्तावित भारत अंतरिक्ष स्टेशन की योजनाओं की जानकारी भी साझा की और विद्यार्थियों को स्पेस एप्लीकेशन सेंटर, अहमदाबाद भ्रमण हेतु आमंत्रित किया।
लखनऊ मंडल के आयुक्त विजय विश्वास पंत ने विद्यालय की आधारभूत संरचना एवं स्पेस लैब की सराहना करते हुए इसे राज्यपाल की प्रेरणा का परिणाम बताया और विद्यार्थियों से उपलब्ध सुविधाओं का पूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) राज्यपाल डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, ग्रुप डायरेक्टर दर्शन पटेल, जिलाधिकारी लखनऊ विशाख जी, व्योमिका फाउंडेशन के प्रमुख गोविंद यादव, एचडीएफसी बैंक के यूपी स्टेट हेड मनोज कुमार राय सहित अन्य गणमान्य अतिथि, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं राजभवन के अधिकारी उपस्थित रहे।
NAGARIK SATTA