-
जीएस पाण्डेय बने भारतीय राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष
गोरखपुर। प्रदेश में ब्राह्मण समाज के उत्पीड़न के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए भारतीय राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। गोरखपुर प्रेस क्लब सभागार में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान संगठन के वरिष्ठ नेता पं. आर.एस. पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और समाज विशेष के खिलाफ घटनाओं में वृद्धि हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार “फूट डालो और राज करो” की नीति पर कार्य कर रही है, जिससे सामाजिक समरसता को नुकसान पहुंच रहा है। पं. पाण्डेय ने यूजीसी से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि नीतियां स्पष्ट नहीं हैं और इससे छात्रों तथा समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार जातिगत आधार पर राजनीति को बढ़ावा दे रही है, जिससे समाज में विभाजन गहराता जा रहा है।
देश की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि आम जनता महंगाई से त्रस्त है। गैस सिलेंडर, बिजली और पेट्रोल जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। उनके अनुसार यह सब सरकार की गलत नीतियों का परिणाम है। उन्होंने विदेश नीति को भी कमजोर बताते हुए कहा कि इसका असर देश की आंतरिक स्थिति पर भी पड़ रहा है।
इस अवसर पर संगठन के विस्तार की घोषणा करते हुए लखनऊ सचिवालय के अवकाश प्राप्त प्रशासनिक अधिकारी जी.एस. पाण्डेय को भारतीय राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस घोषणा का उपस्थित सदस्यों ने स्वागत किया और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पं. दीपक पांडेय, अनंत मिश्रा, पं. हरेंद्र दूबे, सुनील उपाध्याय, पं. शरद चंद्र पांडेय, चतुर्भुज शुक्ला और आशीष पाठक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
NAGARIK SATTA