Breaking News

मुख्यमंत्री योगी ने मऊ को दी 392 करोड़ लागत की 114 परियोजनाओं की सौगात

मऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ के गांधी मैदान में 392 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में किसी माफिया या गुंडे में इतना दुस्साहस नहीं है कि वह धार्मिक आयोजनों में व्यवधान डाल सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने रामलीला, रामनवमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि या अन्य धार्मिक आयोजनों में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की तो उसकी “रावण और कंस जैसी दुर्गति” तय होगी। उन्होंने कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

सीएम योगी ने मऊ को “क्रांतिधरा” बताते हुए साहित्यकार श्याम नारायण पांडेय, समाज सुधारक स्वामी सहजानंद सरस्वती, पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्पनाथ राय और पूर्व राज्यपाल फागू चौहान को याद किया। उन्होंने भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार बिना भेदभाव के विकास करती है। सड़क, पुल, स्वास्थ्य केंद्र और बाढ़ सुरक्षा जैसी योजनाएं जाति या धर्म देखकर काम नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता का माहौल था और वर्ष 2005 के मऊ दंगे का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उस समय सत्ता के संरक्षण में माफिया तत्व सक्रिय थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में गरीब, युवा, महिला और किसान के उत्थान के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 65 लाख गरीबों को आवास, लगभग तीन करोड़ परिवारों को शौचालय और 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वास्थ्य योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जनआरोग्य योजना के तहत मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है। वहीं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को सहायता राशि दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य बिना रुके आगे बढ़ रहे हैं। सड़कों, पुलों, पर्यटन केंद्रों और बिजली परियोजनाओं का तेजी से निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में व्यापारी और बेटियां सुरक्षित महसूस कर रही हैं तथा माफिया पर बुलडोजर कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि मऊ और गोरखपुर के बीच बेहतर सड़क संपर्क विकसित हुआ है तथा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जरिए लखनऊ तक की दूरी कम हुई है। सरयू नदी की बाढ़ से बचाव के लिए भी सरकार लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घोसी चीनी मिल के विस्तारीकरण के लिए प्रस्ताव मांगा और आश्वासन दिया कि प्रस्ताव मिलते ही धनराशि उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मऊ में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी तेजी से चल रहा है और जल्द ही उसका उद्घाटन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि लोकार्पित 38 परियोजनाओं में सड़क, पुल-पुलिया, ग्रामीण पेयजल, पुलिस अवस्थापना, राजकीय पॉलीटेक्निक, आईटीआई, स्वास्थ्य और पर्यटन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। वहीं 237 करोड़ रुपये की 76 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया, जिनमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, नगर विकास और पर्यटन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

इस अवसर पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

About Nagarik Satta

Check Also

यूपी में AI से बदलेगा बसों के संचालन का तरीका

30 करोड़ की परियोजना पर UPSRTC ने मांगी निविदा लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन …

एके शर्मा का कांग्रेस पर हमला, आपातकाल और 1984 हिंसा का किया जिक्र

गोरखपुर। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गोरखपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *