-
डिप्टी सीएम ने कहा 2047 के विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की होगी निर्णायक भूमिका
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थी विकसित भारत के वास्तविक शिल्पकार हैं और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को साकार करने में युवाओं एवं विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के बल पर कोई भी सफलता हासिल की जा सकती है।
उप मुख्यमंत्री सोमवार को गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित अमर उजाला के ‘मेधावी छात्र सम्मान समारोह-2026’ को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बड़े लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा का सकारात्मक वातावरण विकसित हुआ है। एक समय बोर्ड परीक्षाओं में नकल की समस्या चर्चा का विषय हुआ करती थी, लेकिन आज पारदर्शी और नकलविहीन परीक्षा प्रणाली के कारण प्रदेश के विद्यार्थियों की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश जल्द ही देश में अग्रणी स्थान प्राप्त करेगा।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे अभिभावकों, शिक्षकों और छात्रों के संयुक्त प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विद्यार्थी के परिश्रम, शिक्षक के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से सफलता की नई इबारत लिखी जाती है। उन्होंने अभिभावक, शिक्षक और विद्यार्थी को सफलता की ‘त्रिवेणी’ बताते हुए इनके समन्वित प्रयासों को उज्ज्वल भविष्य का आधार बताया।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश के टॉपर विद्यार्थियों के घर तक सड़क निर्माण को ‘डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम गौरव पथ’ योजना से जोड़ने की घोषणा की गई थी, जो आज भी संचालित है और मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान एवं प्रोत्साहन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा, “मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।”
कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने विद्यार्थियों को सफलता की बधाई देते हुए कहा कि अनुशासन, समय प्रबंधन और सतत परिश्रम सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।
बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों के कारण ड्रॉपआउट दर में कमी आई है और बड़ी संख्या में बच्चे विद्यालयों से जुड़ रहे हैं।
NAGARIK SATTA