उन्नाव। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उन्नाव में 570 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए केवल सैफई ही परिवार था, जबकि उनके लिए पूरा उत्तर प्रदेश घर है और प्रदेश के 25 करोड़ लोग उनके परिवार के सदस्य हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने पिछले वर्षों में विकास, सुरक्षा और सुशासन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा की सरकारें परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति में उलझी रहीं, जबकि वर्तमान सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा के कल्याण को केंद्र में रखकर काम कर रही है।
उन्नाव के ग्राम पंचायत डीह स्थित भवानी खेड़ा चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। उन्होंने बताया कि वीर शहीद गुलाब सिंह लोधी की स्मृति में निर्मित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय की क्षमता को दोगुना किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में माफिया और अपराधियों का आतंक था, लेकिन अब कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज सुरक्षा, निवेश और विकास के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।
उन्नाव को अध्यात्म, साहित्य और क्रांति की भूमि बताते हुए मुख्यमंत्री ने वीर गुलाब सिंह लोधी, राजा रामबख्श सिंह सहित जिले के अनेक महान विभूतियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि सरकार उन्नाव के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जिले को किसी भी स्तर पर पीछे नहीं रहने दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और औद्योगिक क्लस्टर जैसी परियोजनाओं से उन्नाव में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। डिफेंस कॉरिडोर के लिए लगभग 700 एकड़ तथा औद्योगिक क्लस्टर के लिए लगभग 200 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव अब स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) का हिस्सा बन चुका है। लखनऊ, उन्नाव और कानपुर के बीच रैपिड रेल परियोजना का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही रिंग रोड और बेहतर सड़क संपर्क सुविधाओं से आसपास के जिलों को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच में गरीब, किसान, महिला और युवा ही सबसे बड़ी प्राथमिकता हैं। इसी के अनुरूप आवास, राशन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, पेंशन और महिला सशक्तीकरण जैसी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
NAGARIK SATTA
