लखीमपुर खीरी। जनस्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विवेकानन्द पॉलीक्लीनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान द्वारा शनिवार को जनपद लखीमपुर खीरी के जम्हौरा रोड स्थित कनक हॉस्पिटल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हृदय रोग, अस्थि रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) से संबंधित जांच एवं परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में संस्थान के विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. क्षितिज प्रसाद (कार्डियोलॉजी), डॉ. राहुल सिंह (अस्थि रोग) और डॉ. कनुप्रिया जिंदल (स्त्री एवं प्रसूति रोग एवं आईवीएफ विशेषज्ञ) ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया। डॉ. कनुप्रिया जिंदल ने विशेष रूप से निःसंतानता की समस्या से जूझ रही महिलाओं को आधुनिक आईवीएफ एवं प्रजनन संबंधी उपचार पद्धतियों की जानकारी देते हुए आवश्यक चिकित्सीय सलाह दी।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को रोगों की रोकथाम, उपचार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी जागरूक किया। शिविर में निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श, दवा वितरण तथा आवश्यक स्वास्थ्य जांचों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
शिविर में कुल 132 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें 36 हृदय रोग, 80 अस्थि रोग और 16 स्त्री एवं प्रसूति रोग के मरीज शामिल रहे। सभी मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण के उपरांत आवश्यक परामर्श और उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया गया।
बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने शिविर में भाग लेकर इस जनहितकारी पहल की सराहना की। संस्थान की ओर से कहा गया कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
NAGARIK SATTA