-
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी अध्यक्षता, इंडियन ऑयल के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी होंगे मुख्य अतिथि; स्टार्टअप अवार्ड, डी.लिट., मां-बेटी सम्मेलन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) का 24वां दीक्षांत समारोह मंगलवार, 7 जुलाई 2026 को सुबह 10:45 बजे पं. अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय सभागार में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि के रूप में अरविंदर सिंह साहनी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में आशीष पटेल समारोह में शामिल होंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि इस वर्ष दीक्षांत समारोह में 62,537 विद्यार्थियों को डिग्री तथा 53 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा 83 मेधावी छात्रों को कुल 84 पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 35 स्वर्ण, 23 रजत और 24 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक प्राप्त करने वालों में 52 छात्राएं और 31 छात्र हैं।
इस वर्ष का चांसलर मेडल अंशिका राणा को प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज, गाजियाबाद से बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वहीं कमल रानी वरुण स्मृति स्वर्ण पदक केआईईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की छात्रा इशिका को मिलेगा। समारोह में प्रसिद्ध रोगन कला के कलाकार कंसारा आशीष शांतिलाल को कला क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डी.लिट. (मानद उपाधि) से सम्मानित किया जाएगा।
दीक्षांत समारोह की विशेषता एक बार फिर स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड होंगे। विश्वविद्यालय पांच श्रेणियों—वीमेन-लेड स्टार्टअप, बेस्ट डीप टेक स्टार्टअप, बेस्ट टेक इनोवेशन स्टार्टअप, एग्रीकल्चर एवं एग्रीटेक स्टार्टअप तथा सस्टेनेबल एंड ग्रीन स्टार्टअप—में पुरस्कार प्रदान करेगा। प्रदेश का तकनीकी विश्वविद्यालय होने के नाते AKTU विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए दीक्षांत समारोह में स्टार्टअप अवार्ड देने वाला अग्रणी संस्थान बना हुआ है।
समारोह के दौरान राज्यपाल विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा लिखी गई पुस्तकों का विमोचन भी करेंगी। इसके अलावा विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए छह गांवों के विद्यालयों में आयोजित चित्रकला, कहानी कथन एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। पर्यावरण एवं जल संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, बाल गृह बालिका सिंधीखेड़ा के बच्चों का लोकनृत्य तथा पांच आंगनबाड़ी केंद्रों को किट वितरण भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा। दीक्षांत समारोह के बाद विश्वविद्यालय परिसर में मां-बेटी सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा।
प्रो. जेपी पाण्डेय ने कहा कि विश्वविद्यालय तकनीकी शिक्षा को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप लगातार आधुनिक बना रहा है। पहली बार NAAC से A+ ग्रेड प्राप्त करना विश्वविद्यालय की बड़ी उपलब्धि है। विश्वविद्यालय में पहली बार अंतर्विषयी बीटेक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और वीएलएसआई जैसी उभरती तकनीकों में नए पाठ्यक्रमों को छात्रों का उत्कृष्ट प्रतिसाद मिला है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत मेजर के साथ माइनर डिग्री, स्पेस एवं क्वांटम टेक्नोलॉजी में माइनर प्रोग्राम, उद्योगों के सहयोग से कौशल विकास, प्रशिक्षण एवं कैंपस प्लेसमेंट पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नवाचार और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए वन डिस्ट्रिक्ट-वन इन्क्यूबेशन सेंटर, 100 करोड़ रुपये की इनोवेशन निधि, इनोवेशन हब तथा कलाम पेटेंट सेंटर की स्थापना की गई है।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य AKTU को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रमुख हब और विभिन्न उभरती तकनीकों का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाना है। शोध, नवाचार, कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
पत्रकार वार्ता में कुलसचिव रीना सिंह, वित्त अधिकारी केशव सिंह तथा परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया भी उपस्थित रहे।
NAGARIK SATTA