Breaking News

बाढ़ का पानी उतरते ही बीमारियों की रोकथाम के लिए तेज करें सफाई अभियान: ए.के. शर्मा

  • मंत्री ने सैंथा में राहत एवं बचाव कार्यों का लिया जायजा
  • ड्रोन से दवा छिड़काव और राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
  • प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित कर सुनीं समस्याएं

लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बुधवार को मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सैंथा गांव के बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। नगर निगम के नवविस्तारित क्षेत्र में शामिल सैंथा में उन्होंने साफ-सफाई, दवा छिड़काव और प्रभावित नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के साथ ही मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और प्रदूषित जल एवं वायु से मनुष्यों तथा पशुओं में बीमारियां फैलने की आशंका रहती है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई, दवा छिड़काव और जलनिकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि संक्रामक बीमारियों की रोकथाम की जा सके।

निरीक्षण के दौरान श्री शर्मा ने ड्रोन तकनीक के माध्यम से किए जा रहे दवा छिड़काव का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी आवश्यकता के अनुसार ड्रोन से दवा का छिड़काव कराया जाए। उन्होंने स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा सभी व्यवस्थाएं तत्परता से सुनिश्चित करने को कहा।

  • राहत शिविरों में व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश

मंत्री ने बाढ़ राहत शिविर और राहत चिकित्सा शिविर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। पानी निकल चुके क्षेत्रों में सफाई कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने सफाईकर्मियों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही, नगर निगम के अधिकारियों, सफाईकर्मियों और अन्य संबंधित कर्मचारियों को आपसी समन्वय से विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

  • प्रभावित परिवारों से किया संवाद, बांटी राहत सामग्री

श्री शर्मा ने बाढ़ प्रभावित नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं पहुंचाई जाएं। प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि लखनऊ नगर निगम और प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों, नागरिकों और पशुओं तक राहत एवं बचाव कार्य पहुंचाने के साथ ही साफ-सफाई के लिए भी सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं।

मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में सरकार और प्रशासन जनता के साथ खड़े हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना और जनजीवन को सामान्य बनाना सरकार की प्राथमिकता है। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

About Nagarik Satta

Check Also

शानदार प्रदर्शन करते हुए बीपीएड की टीमों ने जीती वॉलीबॉल ट्रॉफी

लखनऊ। क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज, लखनऊ के वॉलीबॉल मैदान में आयोजित दो दिवसीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट के …

डबल इंजन सरकार में गरीबों और महिलाओं के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव: एके शर्मा

मंत्री एके शर्मा ने उज्ज्वला योजना महिलाओं के स्वास्थ्य व सम्मान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *