Breaking News

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण

  • राष्ट्र निर्माण के लिए नैतिकता, आध्यात्मिकता और चरित्र निर्माण जरूरी

लखनऊ। रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के आध्यात्मिक परिसर गुलजार उपवन में नवनिर्मित ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का लोकार्पण किया। ब्रह्माकुमारीज की 90 वर्षों की आध्यात्मिक यात्रा और लखनऊ में 72 वर्षों की सेवाओं के उपलक्ष्य में आयोजित नवदशकोत्सव समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि देश केवल कानून से नहीं, बल्कि चरित्र से चलता है। आध्यात्मिकता व्यक्तिगत मुक्ति के साथ-साथ राष्ट्रीय चरित्र निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। आर्थिक और आध्यात्मिक विकास एक-दूसरे के पूरक हैं। भारत आर्थिक, सामरिक, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन बाहरी प्रगति के साथ आंतरिक चेतना को मजबूत करना भी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देना और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास करना होना चाहिए। राजनीति में नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना का समावेश जरूरी है। सत्ता में बैठे व्यक्ति के मन में अधिकार से पहले उत्तरदायित्व का भाव होना चाहिए तथा निर्णयों में जनहित सर्वोपरि रहना चाहिए।

युवाओं का आह्वान करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि तकनीक का उपयोग करें, लेकिन उसे अपने ऊपर हावी न होने दें। आधुनिकता के साथ अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहना जरूरी है। करियर व्यक्ति को साधन संपन्न बनाता है, जबकि चरित्र उसे सम्मान दिलाता है। वर्ष 2040 तक विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश आर्थिक समृद्धि के साथ नैतिक रूप से भी मजबूत बनेगा।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राजयोग और ध्यान मन पर विजय प्राप्त करने के प्रभावी माध्यम हैं। मनुष्य अपने मन को नियंत्रित कर जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज के आध्यात्मिक प्रयासों की सराहना की।

ओम शांति रिट्रीट सेंटर, दिल्ली की निदेशक राजयोगिनी बीके आशा दीदी ने कहा कि दिव्य संस्कृति भवन भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। राजयोगिनी बीके मनोरमा दीदी ने बताया कि लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से भवन का निर्माण हुआ है।

कार्यक्रम में बीके राधा दीदी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं और दीप प्रज्वलन किया गया। ब्रह्माकुमारीज के अतिरिक्त महासचिव बीके मृत्युंजय भाई सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में बीके मंजू दीदी ने आभार व्यक्त किया। मौन योगाभ्यास और धन्यवाद गीत के साथ समारोह का समापन हुआ।

About Nagarik Satta

Check Also

एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सीएमएस विज्ञान मेले का किया उद्घाटन, बाल वैज्ञानिकों का बढ़ाया उत्साह

पूर्व छात्र के रूप में विद्यालय पहुंचे थे वायुसेना प्रमुख अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु …

भारत-ईयू संबंधों को मिलेगी गतिः नीदरलैंड, बुल्गारिया के समकक्षों से मिले जयशंकर

नई दिल्ली। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में नीदरलैंड के विदेश मंत्री …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *