- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का किया विमोचन, संवाद यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘योगी की पाती’ केवल लेख अथवा सरकारी संदेश नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति से आत्मीय संवाद का माध्यम है। इसके जरिए युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है, ताकि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों और सुविधाओं से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री सोमवार को अपने सरकारी आवास पर ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक के विमोचन और इस संवाद यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी के वर्चुअल उद्घाटन के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मीडिया संस्थानों ने ‘योगी की पाती’ के पिछले 50 संस्करणों को अपने समाचार पत्रों और विजुअल मीडिया में स्थान देकर इस संवाद को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में लगभग 28-29 वर्षों के अनुभव के दौरान उन्होंने महसूस किया कि समाज में ऐसे अनेक वर्ग और विषय हैं, जिनके बारे में आम नागरिकों को पर्याप्त जानकारी नहीं है। इसी सोच के साथ ‘योगी की पाती’ के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों की वास्तविक समस्याओं, उनके जीवन और उनसे जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
- वनटांगिया परिवारों को अधिकार दिलाने के संघर्ष का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने वनटांगिया समुदाय का उदाहरण देते हुए कहा कि लंबे समय तक इस समाज की समस्याएं अनसुनी रहीं। ब्रिटिश शासन के दौरान रेलवे लाइन बिछाने के लिए बड़े पैमाने पर वनों की कटाई के बाद वन लगाने और उनकी देखभाल के उद्देश्य से कुछ परिवारों को जंगलों में बसाया गया था। उन्हें आजीविका के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन समय के साथ इन परिवारों की उपेक्षा होती गई। स्वतंत्रता के बाद भी वे पक्के मकान, बिजली, पानी, राशन कार्ड और अन्य बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2005-06 की एक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि महराजगंज की यात्रा के दौरान उन्होंने जंगलों के बीच रहने वाले वनटांगिया परिवारों को अपनी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन के लिए जाते देखा। उन्होंने वाहन रुकवाकर उनसे बातचीत की और उनकी समस्याओं को समझा। इसके बाद संबंधित कार्यकर्ताओं को उनके भोजन और ठहरने की व्यवस्था करने तथा जिलाधिकारी को सौंपने के लिए ज्ञापन तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवारों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने का आश्वासन भी दिया।
उन्होंने बताया कि वनटांगिया परिवारों के अधिकारों का विषय तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के समक्ष भी उठाया गया। वन अधिनियम में संशोधन की आवश्यकता पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2007-08 में केंद्र सरकार के स्तर पर वन अधिनियम में संशोधन हुआ, लेकिन प्रदेश में वर्ष 2017 तक इसे प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया।
वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद वनटांगिया परिवारों को अधिकार दिलाने के लिए प्राथमिकता से कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि इन परिवारों के लंबे समय से वहां निवास करने और वन लगाने के ऐतिहासिक साक्ष्यों के आधार पर उनकी अधिकारों की लड़ाई आगे बढ़ाई गई।
मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज वनटांगिया समाज की 54 बस्तियों से जुड़े हजारों परिवारों को नागरिक अधिकार और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। ‘योगी की पाती’ में इस बदलाव को स्थान देने का उद्देश्य यह बताना है कि शासन की योजनाओं और संवेदनशील पहल के जरिए लंबे समय से उपेक्षित समुदायों के जीवन में भी परिवर्तन लाया जा सकता है।
- वंचित समुदायों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वनटांगिया समाज के अनुभव से मुसहर, थारू, गोंड, चेरो, कोल, बुक्सा और सहरिया जैसी जनजातियों एवं वंचित समुदायों की समस्याओं को समझने और उनके लिए योजनाएं तैयार करने की प्रेरणा मिली। शासन का सहयोग और समाज का विश्वास मिलने पर ये समुदाय सम्मानजनक जीवन जीने के साथ ही वन संपदा और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुसहर समाज की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय कुशीनगर में इस समुदाय के लोगों की भूख से मौतों की घटनाएं सामने आई थीं। उस समय उन्होंने गोरखपुर और कुशीनगर में इस मुद्दे को उठाया तथा तत्कालीन राज्यपाल को ज्ञापन देकर मुसहर समाज की दुर्दशा से अवगत कराया था। उन्होंने कहा कि आज मुसहर परिवारों को भूमि के पट्टे, आवास और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कोल समाज का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम जब चित्रकूट पहुंचे थे, तब वे कोल समाज के लोगों के बीच ठहरे थे। इतनी पुरानी सांस्कृतिक परंपरा के बावजूद आजादी के बाद लंबे समय तक इस समाज के लोग बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे। अब मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से चित्रकूट के जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं और उन्हें अन्य योजनाओं से भी लाभान्वित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन जीने और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का अधिकार है। जिन लोगों की आवाज व्यवस्था तक नहीं पहुंच पाती, उन्हें भी योजनाओं से जोड़ना शासन की जिम्मेदारी है।
- इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाया गया अभियान
मुख्यमंत्री ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक गंभीर संकट बनी रही इंसेफेलाइटिस की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्य जुलाई से मध्य नवंबर तक बड़ी संख्या में बच्चे इस बीमारी की चपेट में आते थे और सैकड़ों बच्चों की मृत्यु होती थी। उस समय स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति भी चुनौतीपूर्ण थी।
उन्होंने गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सांसद बनने के बाद जब वे बीमार बच्चों को देखने पहुंचे, तो वार्डों में एक-एक बेड पर कई-कई बच्चे भर्ती थे। बिजली, पंखे और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी अभाव था। इस स्थिति को देखते हुए बच्चों के लिए बेड, बिस्तर, एसी, पंखे और बेडशीट जैसी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कराने का प्रयास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद इंसेफेलाइटिस के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया गया, जिससे इस बीमारी से होने वाली बच्चों की मौतों पर नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण जीवन उपलब्ध कराना शासन का दायित्व है।
- परिषदीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले अनेक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, जर्जर भवन और आवश्यक संसाधनों का अभाव था। बड़ी संख्या में बच्चे, विशेषकर बालिकाएं, नंगे पैर विद्यालय जाने को मजबूर थीं। शुरुआत में बालिकाओं को जूते-मोजे उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए। इसके बाद सभी बच्चों के लिए यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्कूल बैग और पुस्तकें उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बेसिक शिक्षा परिषद के लगभग 1.60 करोड़ विद्यार्थियों को दो यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, पुस्तकें और जूते-मोजे आदि उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डीबीटी के माध्यम से धनराशि अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी जाती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से जनसहभागिता के साथ परिषदीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है। उनके अनुसार, वर्ष 2017 से पहले विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की संतृप्ति लगभग 30 से 36 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर करीब 96 प्रतिशत हो गई है।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए अटल आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं, जहां नर्सरी से कक्षा 12 तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
- योजनाओं की जानकारी पात्र व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता तभी सुनिश्चित होती है, जब उनकी जानकारी पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। कई बार योजनाएं उपलब्ध होने के बावजूद जानकारी के अभाव में लोग उनका लाभ नहीं ले पाते। इसलिए सरकार की योजनाओं के बारे में लगातार जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी पात्र व्यक्ति के पास आयुष्मान कार्ड या राशन कार्ड नहीं है, तो उसे जानकारी देकर कार्ड बनवाने में मदद की जा सकती है। इसी तरह निराश्रित महिला को पेंशन का लाभ दिलाया जा सकता है। योजनाओं की जानकारी का निरंतर प्रसार पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ के माध्यम से शासन और आमजन के बीच आत्मीय संवाद को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है। इसमें युवाओं, विद्यार्थियों, नारी सम्मान, अन्नदाता किसानों, श्रमिकों तथा समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े विषयों के साथ प्रदेश की विरासत और विकास से संबंधित प्रयासों को भी स्थान दिया गया है।
उन्होंने समाचार पत्रों, विजुअल मीडिया, वरिष्ठ संपादकों, रिपोर्टर्स और सूचना विभाग के अधिकारियों के योगदान की सराहना करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि मीडिया के सहयोग से यह संवाद आगे भी जारी रहेगा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक शासन की योजनाओं, उपलब्धियों तथा जनहित से जुड़े विषयों की जानकारी पहुंचती रहेगी।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, निदेशक सूचना विशाल सिंह, अपर निदेशक सूचना अरविंद मिश्र, दैनिक जागरण के राज्य संपादक आशुतोष शुक्ला, अमर उजाला के संपादक विजय त्रिपाठी, टाइम्स ऑफ इंडिया के स्थानीय संपादक प्रवीण कुमार, हिन्दुस्तान के स्थानीय संपादक सुनील द्विवेदी, हिन्दुस्तान टाइम्स के स्थानीय संपादक प्रांशु मिश्रा, नवभारत टाइम्स के संपादक मनीष श्रीवास्तव, इंडियन एक्सप्रेस के उपेंद्र पांडेय, न्यू इंडियन एक्सप्रेस की नमिता वाजपेयी, राजीव ओझा, अजीत सिंह सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के संपादक, सह-संपादक, वरिष्ठ पत्रकार, रिपोर्टर्स और सूचना विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
NAGARIK SATTA
