Breaking News

यूपी में गृहकर, जलकर और सीवरकर के बकायेदारों को राहत, OTS योजना की समयसीमा बढ़ी

  • अब 14 दिसंबर 2026 तक कर सकेंगे आवेदन, बकाया धनराशि जमा करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2027 निर्धारित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने नगरीय क्षेत्रों के भवन स्वामियों और करदाताओं को बड़ी राहत देते हुए एकमुश्त समाधान योजना (OTS) की समयसीमा एक माह बढ़ा दी है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने घोषणा की कि योजना के तहत आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 14 दिसंबर 2026 और निर्धारित धनराशि जमा करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2027 कर दी गई है। इस निर्णय से गृहकर, जलकर, सीवरकर और जलमूल्य के बकायेदारों को अपने लंबित करों का निस्तारण कराने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।

नगर विकास मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का सरल एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। OTS योजना की समयसीमा बढ़ाने का उद्देश्य अधिक से अधिक भवन स्वामियों को राहत पहुंचाना है, ताकि जो करदाता पहले निर्धारित अवधि में आवेदन नहीं कर पाए, वे भी योजना का लाभ उठा सकें।

  • ब्याज और सरचार्ज में मिलेगी नियमानुसार छूट

मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि OTS योजना के अंतर्गत नगर निगमों के गृहकर के साथ जलकल विभाग के बकाया जलकर, सीवरकर और जलमूल्य के मामलों में भी राहत का प्रावधान है। योजना के तहत 1 अप्रैल 2026 तक के लंबित बकाये का निर्धारित धनराशि जमा कर निस्तारण कराने पर नियमानुसार ब्याज एवं सरचार्ज में छूट दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि योजना से भवन स्वामियों को आर्थिक राहत मिलेगी और नगरीय निकायों की राजस्व व्यवस्था भी मजबूत होगी। सरकार का उद्देश्य केवल राजस्व संग्रह करना नहीं, बल्कि करदाताओं को बकाये के बोझ से राहत दिलाना और कर प्रणाली को अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाना भी है।

  • ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की सुविधा

नगर विकास मंत्री ने बताया कि योजना के तहत नागरिकों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ऑनलाइन आवेदन के लिए संबंधित पोर्टल पर नगर निगम का चयन कर मोबाइल नंबर और OTP के माध्यम से लॉगिन करना होगा। इसके बाद अपनी संपत्ति का विवरण भरकर आवेदन किया जा सकता है।

इस व्यवस्था से नागरिकों को अनावश्यक कार्यालयी भागदौड़ से राहत मिलेगी और आवेदन प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनेगी।

  • अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

मंत्री ए.के. शर्मा ने सभी नगर निगमों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बढ़ाई गई समयसीमा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र भवन स्वामी योजना का लाभ उठा सकें। उन्होंने आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाए रखने और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने प्रदेश के सभी संबंधित भवन स्वामियों और बकायेदारों से अपील की कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन कर अपने लंबित करों का निस्तारण कराएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार नगरीय सेवाओं को नागरिक हितैषी बनाने, जनसुविधाओं का विस्तार करने और नगरीय निकायों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

About Nagarik Satta

Check Also

एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सीएमएस विज्ञान मेले का किया उद्घाटन, बाल वैज्ञानिकों का बढ़ाया उत्साह

पूर्व छात्र के रूप में विद्यालय पहुंचे थे वायुसेना प्रमुख अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु …

भारत-ईयू संबंधों को मिलेगी गतिः नीदरलैंड, बुल्गारिया के समकक्षों से मिले जयशंकर

नई दिल्ली। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में नीदरलैंड के विदेश मंत्री …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *